जमशेदपुर। जोजोबेरा स्थित नुवको बिस्तास सीमेंट कंपनी के भेंडर सूरज एसोसिएट प्राइवेट लिमिटेड पर मजदूरों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। आरोप है कि 25 साल तक काम करने के बावजूद फाइनल सेटलमेंट की राशि का सही हिसाब नहीं किया गया। इस मुद्दे को लेकर झामुमो और सामाजिक सेवा संघ के नेता गण श्रम अधीक्षक से मिले और न्याय की मांग की।
सामाजिक सेवा संघ के अध्यक्ष सह मजदूर नेता राजेश सामंत ने बताया कि मजदूर राजकुमार सिंह ने सीमेंट डस्ट लोडिंग-अनलोडिंग और मशीन ऑपरेटर के हाईस्किल कार्य में 25 साल तक सेवा दी। इस दौरान उनका वेतन ₹1130 प्रतिदिन था। सरकारी नियमों के अनुसार फाइनल सेटलमेंट अंतिम पावना वेतन और हाजिरी के आधार पर किया जाना चाहिए, लेकिन कंपनी ने ₹3,27,577 का चेक दिया, जिसमें ₹1 लाख की कमी पाई गई।
मजदूर नेता गण ने मांग की कि सरकारी नियम के मुताबिक सही राशि का भुगतान किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर न्याय नहीं मिला तो नुवको कंपनी और उसके ठेकेदारों के खिलाफ मजदूर शोषण, प्रदूषण एवं क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर कंपनी गेट पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल में राजेश सामंत के साथ मुखिया शिवलाल लोहरा, झारखंड आंदोलनकारी नेता छोटे सरदार, सामाजिक सेवा संघ गोविंदपुर महिला अध्यक्ष रूपम सिंह, पूर्णिमा पाल, मनोज चौरसिया और राजकुमार सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।









