Jamshedpur : नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में तेजी से अपनी पहचान बना रहे रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग में 10 अप्रैल 2026 को महर्षि बाल्मीकि सभागार में शपथ ग्रहण एवं कैपिंग समारोह का भव्य आयोजन किया गया। यह अवसर एएनएम, जीएनएम एवं बीएससी नर्सिंग के छात्र-छात्राओं के लिए उनके पेशेवर जीवन की ऐतिहासिक शुरुआत का साक्षी बना।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के प्राचार्य डॉ. प्रवीण कुमार पांडे रहे। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण से हुई, जिसके बाद फ्लोरेंस नाइटिंगेल के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने नर्सिंग पेशे की गरिमा बनाए रखने की शपथ ली और कैपिंग समारोह संपन्न हुआ।

अपने संबोधन में डॉ. प्रवीण कुमार पांडे ने कहा कि नर्सिंग केवल एक पेशा नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का सबसे पवित्र माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को करुणा, अनुशासन और निष्ठा के साथ समाज सेवा के लिए प्रेरित किया। वहीं संस्थान के अध्यक्ष राम बचन जी एवं सहायक प्रोफेसर मुनमुन मुक्ता तिर्की ने भी विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम का संचालन बीएससी नर्सिंग तृतीय सेमेस्टर के छात्र शानू एवं आदित्य ने किया। इस अवसर पर संकाय सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही, जिनके सहयोग से आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
समारोह के दौरान रंभा कॉलेज ऑफ नर्सिंग और नेताजी सुभाष इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस करार के तहत संयुक्त शैक्षणिक कार्यक्रम, संकाय विकास, प्रशिक्षण, राष्ट्रीय स्तर के सेमिनार, कार्यशालाएं एवं छात्र विनिमय कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे।
यह पहल नर्सिंग शिक्षा के क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण और बेहतर करियर अवसरों के नए द्वार खोलने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।










