हाथी हमले में छह की मौत, विधायक सोनाराम सिंकु ने लिया संज्ञान, शीघ्र मुआवजे का निर्देश

SHARE:

Noamundi:नोवामुंडी प्रखंड अंतर्गत पंचायत जेटेया के ग्राम बावड़िया मुंडा टोला में जंगली हाथी के हमले ने पूरे इलाके को दहला दिया। 6 जनवरी की रात करीब 9 बजे हुए इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित कुल छह लोगों की जान चली गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हाथी के हमले में सनातन मेरेल (50), उनकी पत्नी झलक मोनी कुई (45), बेटी दयमंती मेरेल (8) और पुत्र मुंगडू मेरेल (5) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बड़ापसिया टोला डुगुड़बासा में मंगल बोबोंगा (26) भी जंगली हाथी का शिकार हो गया। एक ही रात में छह लोगों की मौत ने वन-मानव संघर्ष की भयावह तस्वीर को फिर सामने ला दिया है।
घटना की सूचना बाबड़िया निवासी रूपसिंह लागुरी ने जगन्नाथपुर विधायक एवं सत्तारूढ़ दल के उप मुख्य सचेतक सोनाराम सिंकु को दी। सूचना मिलते ही विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त से दूरभाष पर बात कर पूरी जानकारी दी।
विधायक सोनाराम सिंकु ने अंचल अधिकारी नोवामुंडी, प्रखंड विकास पदाधिकारी नोवामुंडी एवं वन विभाग के रेंजर से भी वार्ता कर पीड़ित परिवारों को शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और हर संभव सहायता दी जाएगी।
घटनास्थल पर पंचायत मुखिया जेना पुरती, संजीत तिरिया सहित कई ग्रामीण उपस्थित रहे। ग्रामीणों ने वन क्षेत्र में हाथियों की लगातार आवाजाही पर चिंता जताते हुए स्थायी समाधान की मांग की है। वन विभाग की टीम इलाके में गश्त बढ़ाने और हाथियों को जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी हुई है।

Leave a Comment