
सरायकेला: हाल ही में जमशेदपुर और सरायकेला में अपराध और आतंक का पर्याय बने कुख्यात अपराधकर्मी श्रवण महतो को सरायकेला पुलिस ने उड़ीसा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रवण महतो की गिरफ्तारी के बाद उसकी गतिविधियों और अपराधों के खुलासे में जल्द ही महत्वपूर्ण प्रगति होने की उम्मीद है।

श्रवण महतो ने कांड्रा क्षेत्र में रंगदारी व गोली चलाने जैसी घटनाओं को अंजाम देकर व्यवसायियों और कारोबारियों को आतंकित किया था। कम उम्र में अपराध की दुनिया में उसने अपना नाम बना लिया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए एसपी द्वारा गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) लगातार उसके पीछे लगी थी।

पुलिस को सूचना मिली कि श्रवण महतो अपने ठिकाने बार-बार बदल रहा था और इसी के तहत राउरकेला (उड़ीसा) में उसे पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया गया है। बताया जा रहा है कि वहां भी वह गोली चलाने जैसी घटना में शामिल था। फिलहाल पुलिस उसकी विस्तृत पूछताछ कर रही है। हालांकि, इस गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।










