Jamshedpur : जमशेदपुर के प्रतिष्ठित BA College of Engineering and Technology ने प्लेसमेंट के क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इलेक्ट्रॉनिक्स एवं कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग (ECE) की छात्रा निखत परवीन ने देश की अग्रणी कंपनी Indus Towers Limited में ग्रेजुएट इंजीनियर ट्रेनी के पद पर चयनित होकर संस्थान का नाम रोशन किया है।
वर्ष 2025 पास-आउट निखत परवीन ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर कंपनी की कठिन चयन प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पार किया। उन्होंने दो लिखित परीक्षाओं और प्री-इंटरव्यू में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद 6 मार्च 2026 को आयोजित अंतिम इंटरव्यू में अपने तकनीकी ज्ञान और आत्मविश्वास से इंटरव्यू बोर्ड को प्रभावित कर चयन हासिल किया।
चयन के बाद निखत परवीन ने 23 मार्च 2026 से कंपनी के रांची मुख्यालय के अंतर्गत जमशेदपुर कार्यालय में अपनी जिम्मेदारी संभाल ली है। वर्तमान में वे 6 महीने के प्रशिक्षण कार्यक्रम से गुजर रही हैं, जहां वे अपने कौशल को और निखार रही हैं।
इस उपलब्धि पर कॉलेज के अध्यक्ष डॉ. एस.के. सिंह, प्राचार्य डॉ. संजय रॉय, प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट प्रमुख राहुल सिंह और विभागाध्यक्ष प्रिया राहुल समेत सभी शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
कॉलेज प्रबंधन ने इस सफलता को संस्थान की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुदृढ़ प्रशिक्षण व्यवस्था का परिणाम बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।









