Jamshedpur : झारखंड मानव अधिकार संघ, जमशेदपुर और नेताजी सुभाष विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वाधान में 10 दिसंबर 2025 को अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का मुख्य विषय था—“मानवाधिकार के संरक्षण में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग की सार्थकता एवं भूमिका”, जिसकी अध्यक्षता झारखंड मानव अधिकार संघ के अध्यक्ष श्री मनोज किशोर ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक समूह द्वारा झारखंड की पारंपरिक वेशभूषा में अतिथियों का स्वागत नृत्य और दीप प्रज्वलन से हुई। तत्पश्चात गणेश वंदना, साईं भजन और राष्ट्रीय गान के साथ औपचारिक कार्यक्रम आरंभ हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व जिला एवं सत्र न्यायाधीश मृत्युंजय महतो, सम्मानित अतिथि एवं कुलपति प्रो. डॉ. प्रभात कुमार पाणी, विशिष्ट अतिथि पूर्व IAS अधिकारी बृजमोहन कुमार, सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह, और अन्य गणमान्य व्यक्ति शामिल हुए।
श्री मनोज किशोर ने संघ की गतिविधियों और मानवाधिकार जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों में मानव सेवा और मानवाधिकार के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने 10 दिसंबर 1948 को अपनाई गई सार्वभौम मानवाधिकार घोषणा और भारत में 1993 में पारित मानव अधिकार संरक्षण अधिनियम के महत्व को समझाया।
मुख्य अतिथि मृत्युंजय महतो ने कहा कि भारतीय कानून के तहत आम नागरिक, न्यायिक और प्रशासनिक पदों पर बैठे सभी लोग यदि अपने कर्तव्यों का पालन ईमानदारी और सजगता से करेंगे, तो किसी भी व्यक्ति के मानवाधिकार का उल्लंघन नहीं होगा।
कुलपति प्रो. प्रभात कुमार पाणी ने भारत में राष्ट्रीय मानव अधिकार आयोग की सफलता और चुनौतियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। पूर्व IAS अधिकारी बृजमोहन कुमार ने कानून की सार्थकता के लिए नागरिकों की जागरूकता और सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया और अपने प्रशासनिक अनुभव साझा किए।
कार्यक्रम का सफल संचालन असिस्टेंट प्रोफेसर दीपिका कुमारी ने किया, जबकि सहसचिव श्री शेखर सहाय ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया।
इस कार्यशाला में एमबीए, मास कम्युनिकेशन और लॉ विभाग के लगभग डेढ़ सौ विद्यार्थी और करीब एक सौ मानवाधिकार कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को सर्टिफिकेट और अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार से संबंधित 30 अनुच्छेदों का 2026 कैलेंडर वितरित किया गया।
कार्यक्रम में शामिल अन्य गणमान्य व्यक्ति अवधेश गिरी, दिनेश कुमार कीनू, डॉक्टर वनिता सहाय, संतोष सिंह, अमित गिरी, विक्रम सिंह, सौरव गिरी, नवीन श्रीवास्तव, प्रोफेसर दीपिका पांडे, राजेंद्र यादव, भीष्म सिंह, पन्ना सिंह और संजय कुमार सिंह सहित अन्य।









