Nimdih:नीमडीह प्रखंड के अंतर्गत प्रस्तावित एसएम स्टील प्रोजेक्ट के लिए आयोजित पर्यावरणीय जन सुनवाई में कंपनी के प्रतिनिधियों और सरकारी अधिकारियों को स्थानीय लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा।
बैठक में एडीसी जय वर्धन कुमार, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारी जितेंद्र सिंह, और अंचल अधिकारी अभय कुमार द्विवेदी मौजूद थे। कंपनी की ओर से एचआर हेड राजीव कुमार, प्रोजेक्ट हेड अनिल कुमार पात्रा, ग्रुप हेड डॉ. बलवंत कुमार, और वैज्ञानिक प्रियंका कुमारी ने परियोजना का विवरण प्रस्तुत किया।
कंपनी ने बताया कि परियोजना के लिए 520 एकड़ भूमि की आवश्यकता होगी और इसमें ₹245 करोड़ का निवेश किया जाएगा। कंपनी के अनुसार, यह परियोजना क्षेत्र में 500 प्रत्यक्ष और 900 अप्रत्यक्ष रोजगार, यानी कुल 1400 रोजगार अवसर उत्पन्न करेगी।
हालांकि, ग्रामीणों ने कंपनी के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि पहले से अधिग्रहीत भूमि पर स्थानीय लोगों को रोजगार नहीं मिला है। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रदूषण, जल स्रोतों की सुरक्षा और भूमि दाताओं को स्थाई नौकरी देने जैसी प्रमुख मांगें रखीं।
कंपनी प्रबंधन ने ग्रामीणों की चिंताओं को दूर करने और सामाजिक दायित्वों का पालन करने का आश्वासन दिया। लेकिन, जन सुनवाई का अंतिम निर्णय अभी घोषित नहीं किया गया है।
इस बीच, कुछ ग्रामीणों ने बैठक स्थल पर विरोध प्रदर्शन भी किया और जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, जिसमें परियोजना को स्थानीय हितों के अनुरूप लागू करने की मांग की गई।









