टुईलाडूंगरी शीतला माता मंदिर में 23 ज्योति कलश प्रज्वलित, धूमधाम से नवरात्रि ज्वारा पूजा का शुभारंभ

SHARE:

Jamshedpur:टुईलाडूंगरी स्थित श्री श्री शीतला माता मंदिर में चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर ज्वारा पूजा का शुभारंभ पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। नवरात्रि के प्रथम दिन संध्या बेला में मां शीतला के समक्ष 23 ज्योति कलश प्रज्वलित किए गए, जिससे पूरे मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण व्याप्त हो गया।

बताया जाता है कि यह ऐतिहासिक मंदिर वर्ष 1910 में छत्तीसगढ़ी समाज के पूर्वजों द्वारा स्थापित किया गया था। तब से लेकर आज तक यहां हर वर्ष नवरात्रि के दौरान ज्वारा पूजा का आयोजन परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ किया जाता रहा है।

ज्योति कलश प्रज्वलन कार्यक्रम में मुख्य रूप से राज्य गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष राजू गिरी, समाजसेवी सूरज भदानी तथा भाजपा नेता एवं मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित किया। अपने संबोधन में राजू गिरी ने कहा कि छत्तीसगढ़ी समाज ने अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को आज भी जीवित रखा है, जो अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि चैत्र नवरात्रि में मां दुर्गा के नव स्वरूपों की पूजा से घर-परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास होता है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने मंदिर के गौरवशाली इतिहास पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से समाज की इस धरोहर को सहेजकर रखने का आह्वान किया। वहीं समाजसेवी सूरज भदानी ने कहा कि किसी भी समाज का वास्तविक विकास तभी संभव है, जब वह अपनी परंपराओं को जीवित रखते हुए आगे बढ़े। उन्होंने भविष्य में मंदिर के विकास हेतु हर संभव सहयोग का भरोसा भी दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन संयोजक परमानंद कौशल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महामंत्री गिरधारी लाल ने दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे, जिनमें ऐश राम साहू, शुक्रितदास मानिकपुरी, मोतीलाल साहू, खलेश्वर साहू, गंगाराम साहू, नरेश निषाद, दयालु निषाद, महावीर प्रसाद, त्रिवेणी कुमार, बिरेंद्र साहू, दीपक साहू, जितेंद्र कुमार, रोशन साहू, जमुना निषाद, इंद्रा साहू, मंजू ठाकुर, नूतन साहू, पार्वती देवी, फूलो देवी, महावीर निर्मलकर, मनमोहन लाल, मंजू साहू, द्रौपदी साहू, प्रसाद राव, योगेश साहू और अनिल कुमार समेत कई गणमान्य लोग शामिल थे।

नवरात्रि के इस आयोजन को लेकर पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन की भी तैयारी की जा रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें