Jugsalai Election : नौशीन खान की ‘तिरंगा यात्रा’ ने दिखाई ताकत, अंतिम दिन भव्य रोड शो

SHARE:

Jamshedpur : जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उम्मीदवार नौशीन खान ने शनिवार को शक्ति प्रदर्शन करते हुए एक भव्य और ऐतिहासिक रोड शो का आयोजन किया। “तिरंगा यात्रा” नाम से निकाले गए इस रोड शो में हजारों की संख्या में लोगों की भागीदारी ने पूरे क्षेत्र का चुनावी माहौल गरमा दिया।

रोड शो सुबह 10 बजे Jugsalai Eidgah Maidan से शुरू होकर शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए शाम करीब 4 बजे पुनः ईदगाह मैदान में आकर संपन्न हुआ। यात्रा के दौरान लोग हाथों में तिरंगा लहराते नजर आए। पूरे आयोजन में देशभक्ति और विकास का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

जगह-जगह हुआ जोरदार स्वागत

एच.के. टावर्स, गौरी शंकर रोड, रेलवे फाटक चौक बाजार, बाटा चौक, घोड़ा चौक, प्रदीप मिश्रा चौक, सुनील महतो प्रतिमा स्थल, काली मंदिर, नगर पालिका, गोशाला टॉकीज, नया बाजार, गद्दी मोहल्ला, हकीम शाह (बाबा मजार), ए.एम. रोड, सेवा सदन, शिवा घाट, इस्लाम नगर, महतो पाड़ा रोड, सुरती चौक, पुरानी बस्ती रोड और गरीब नवाज मस्जिद सहित विभिन्न इलाकों में समर्थकों ने फूलों की वर्षा कर और नारों के साथ नौशीन खान का स्वागत किया।

अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष रहे मौजूद

कार्यक्रम में Hidayatullah Khan विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने कहा, “तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान है। हम नफरत के बदले प्रेम और एकता का संदेश लेकर निकले हैं।” उन्होंने जुगसलाई के विकास के लिए मजबूत और ईमानदार नेतृत्व की आवश्यकता बताते हुए नौशीन खान को सक्षम उम्मीदवार बताया और जनता से उन्हें भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।

विकास को बताया सर्वोच्च प्राथमिकता

नौशीन खान ने अपने संबोधन में कहा, “आप सभी का प्रेम और समर्थन मेरी ताकत है। जुगसलाई में स्वच्छता, बेहतर सड़क, पानी और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करना मेरी पहली प्राथमिकता होगी। मैं हर गली और मोहल्ले की आवाज बनकर काम करूंगी।”

उन्होंने मतदाताओं से क्रम संख्या-5 ‘बेंच’ चुनाव चिन्ह पर मुहर लगाकर समर्थन देने की अपील की।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इस रोड शो में उमड़ा जनसैलाब चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। जनता के उत्साह और कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने जुगसलाई में चुनावी माहौल को निर्णायक मोड़ पर ला खड़ा किया है।

Leave a Comment