Natural Smile Foundation : गर्मी की छुट्टियों में जहां संपन्न परिवारों के बच्चे विभिन्न पर्यटन स्थलों की सैर करते हैं, वहीं स्लम बस्तियों में रहने वाले गरीब बच्चों के लिए यह सिर्फ एक सपना बनकर रह जाता है। इसी सपने को हकीकत में बदलने की पहल की नेचुरल स्माइल फाउंडेशन ने।
फाउंडेशन ने करीब 100 स्लम बस्ती के बच्चों को जमशेदपुर के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर घुमाने का बीड़ा उठाया। कार्यक्रम का उद्देश्य था इन बच्चों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और जीवन में कुछ पल खुशी के भी देना।
कार्यक्रम के पहले दिन बच्चों को शहर के खूबसूरत स्थलों की सैर कराई गई, जिससे उनके चेहरे पर मुस्कान देखने लायक थी। वहीं आज, यानी कार्यक्रम के अंतिम दिन, बच्चों को सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर स्थित स्विमिंग पूल में तैराकी सिखाई गई। कई बच्चों ने जीवन में पहली बार स्विमिंग पूल देखा और पानी में उतरते ही उनके चेहरे की चमक अलग ही नजर आ रही थी।
बच्चों ने जमकर मस्ती की, खेलकूद और तैराकी का आनंद लिया। बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया गया, जिससे उनमें आत्मविश्वास की भावना जागृत हुई।
फाउंडेशन से जुड़े सदस्यों ने बताया कि इस प्रकार की पहल भविष्य में भी जारी रहेगी, जिससे वंचित तबके के बच्चों को भी समान अवसर मिल सकें।
यह आयोजन न केवल इन बच्चों के लिए यादगार बन गया, बल्कि समाज को यह संदेश भी दे गया कि यदि इच्छाशक्ति हो तो बदलाव संभव है।









