Jamshedpur : कला को समर्पित संस्था अन्विति के तत्वावधान में 6 से 9 नवंबर तक फॉरेस्ट गेस्ट हाउस, मानगो में नेशनल आर्ट कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इस चार दिवसीय कला शिविर में देशभर से 25 प्रतिष्ठित कलाकार अपनी रचनात्मक प्रतिभा, अनुभव और कला दृष्टि का प्रदर्शन करेंगे।
कार्यक्रम की क्यूरेटर एवं प्रख्यात चित्रकार मुक्ता गुप्ता ने बताया कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों से आने वाले कलाकारों को एक साझा मंच पर लाकर संवाद, सृजनशीलता और कला के आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करना है।
शिविर का उद्घाटन 6 नवंबर की सुबह 11 बजे भारतीय वन सेवा की अधिकारी स्मिता पंकज द्वारा किया जाएगा।
मुक्ता गुप्ता ने बताया कि इस कला शिविर में शामिल होने वाले प्रमुख कलाकारों में अर. अखिलेश (भोपाल), रामानुज शेखर (रांची), जॉयदेव चटर्जी, बिप्लब रॉय, ओंकार सिंह (दिल्ली), अशोक कुमार मइती, कृष्णा महतो, कौशलश कुमार (असम), पब्लिक विश्वास, नरेंद्र कुमार (बक्सर), डॉ. मल्लिकार्जुन बगोडी (कलाबुर्गी), अनुप सिन्हा, संजय मजूमदार (कोलकाता), दिपांकर कर्माकर (रांची), रंजीत कुमार (बोकारो), एच.पी. मुखी, लालोन दत्ता, तपोन रॉय, सुनील मोदी (बोकारो), विषेन्द्र नारायण सिंह, प्रशांत त्रिपाठी (देवबंद, सहारनपुर), चंदन कुमार (मुजफ्फरपुर) और अल्बर्ट अशोक (कोलकाता) शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इस आयोजन को सोनरिया गेस्ट हाउस (रामदास भट्टा) और दयाल बिल्डर्स का प्रायोजन प्राप्त है। वहीं, कार्यक्रम में वन विभाग के डीएफओ सबा आलम अंसारी और जेआरजीके बैंक के रीजनल मैनेजर श्रीकांत कतारे का विशेष सहयोग मिल रहा है।
मुक्ता गुप्ता ने कहा कि यह शिविर न केवल कलाकारों के लिए एक सृजनात्मक मंच बनेगा, बल्कि स्थानीय कला प्रेमियों को भी देश के विभिन्न हिस्सों की कला शैलियों को समझने और अनुभव करने का अवसर देगा।









