Seraikela:नारायण प्राइवेट आईटीआई, लुपुंगडीह (चांडिल) में पंडित दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाई गई। कार्यक्रम की शुरुआत उनके चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई, जिसके बाद संस्थान परिसर में गंभीर और प्रेरणादायक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर संस्थान के संस्थापक सह भाजपा प्रदेश कार्य समिति सदस्य डॉ. जटाशंकर पांडे ने छात्र-छात्राओं और शिक्षकों को संबोधित करते हुए पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन, व्यक्तित्व और विचारधारा पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय महान राष्ट्रवादी चिंतक, कुशल संगठनकर्ता और भारतीय जनसंघ के प्रमुख स्तंभ थे, जिन्होंने भारतीय संस्कृति पर आधारित ‘एकात्म मानववाद’ का सिद्धांत दिया।
डॉ. पांडे ने कहा कि ‘एकात्म मानववाद’ केवल एक राजनीतिक दर्शन नहीं, बल्कि समाज के सर्वांगीण और संतुलित विकास की जीवनदृष्टि है। उन्होंने बताया कि अंत्योदय की अवधारणा के माध्यम से पंडित जी ने समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक विकास की धारा पहुंचाने का संदेश दिया। उनका जीवन सादगी, सेवा, त्याग और राष्ट्रभक्ति का जीवंत उदाहरण था।
कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया। पूरे आयोजन में अनुशासन और गंभीरता के साथ सहभागिता देखी गई।
समारोह के अंत में राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इस अवसर पर संस्थान के सभी शिक्षकगण, एडवोकेट निखिल कुमार, शांति राम महतो, प्रकाश महतो, देवाशीष मंडल, शुभम साहू, पवन महतो, संजीत महतो, शशिभूषण महतो, गौरव महतो, कृष्णा पद महतो, शिशुमती दास, निमाई मंडल सहित कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








