Jamshedpur:जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र की सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत बनाने की दिशा में मंगलवार को एक महत्वपूर्ण पहल हुई। सांसद बिद्युत वरण महतो ने नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर क्षेत्र के विभिन्न सड़क निर्माण एवं विस्तार से जुड़े विस्तृत प्रस्ताव सौंपे।
बैठक में सांसद महतो ने खासकर एनएच-33 से पारडीह काली मंदिर होते हुए पटमदा–काटिन–बंधवान–झिलमिली होते बांकुड़ा तक नए सड़क मार्ग की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह मार्ग टाटा स्टील (जमशेदपुर) और दुर्गापुर स्टील सिटी (पश्चिम बंगाल) के बीच औद्योगिक कनेक्टिविटी को मजबूत करेगा। इससे दो बड़े इस्पात संयंत्रों के बीच सड़क परिवहन और लॉजिस्टिक सुविधा में बड़ा सुधार होगा।
सांसद महतो ने एनएच-220 को चाईबासा–हाता से आगे जादूगोड़ा, मुसाबनी, गुड़ाबांदा होते हुए ओडिशा के बंबई चौक तक विस्तार का भी प्रस्ताव रखा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खनन और औद्योगिक गतिविधियों में निरंतर वृद्धि से यातायात दबाव बढ़ रहा है, ऐसे में मार्ग का विस्तार अत्यंत आवश्यक है। इसके बन जाने से इसे एनएच-18 से सुगमता से जोड़ा जा सकेगा, जिससे झारखंड और ओडिशा के बीच परिवहन नेटवर्क और मजबूत होगा।
सीआरआईएफ से कई ग्रामीण व सीमावर्ती सड़कों के निर्माण का प्रस्ताव
सांसद महतो ने लोकसभा क्षेत्र के विभिन्न जर्जर सड़कों एवं पुलों को Central Road Infrastructure Fund (CRIF) से निर्माण कराने का आग्रह भी किया। इसमें निम्नलिखित प्रमुख परियोजनाएं शामिल हैं—
कालियाडिंगा से चित्रेश्वर–रांगुनिया–कुम्हारडुबी होते एनएच-6 जगन्नाथपुर (प. बंगाल सीमा) तक सड़क निर्माण
NH-18 महेशपुर से ज्योति पहाड़ी–जामबनी–बालीजुड़ी–पहाड़पुर (ओडिशा सीमा) तक नया मार्ग
पटमदा के बेलटांड चौक से कुलटांड–चुड़दा–लछीपुर–मुकरुडीह (प. बंगाल सीमा) तक सड़क निर्माण
बामडोल घाट पर सुवर्णरेखा नदी पर पुल निर्माण
धालभूमगढ़–नरसिंहगढ़–भैरवपुर–छोड़िया–धड़ासाई–पम्पुघाट होते मुसाबनी–डुमरिया मुख्य पथ का निर्माण
फुलडुंगरी और बहरागोड़ा में अंडरपास निर्माण की मांग
सांसद महतो ने बताया कि घाटशिला के फुलडुंगरी और बहरागोड़ा पीडब्ल्यूडी चौक पर लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना दिया है।
उन्होंने कहा—
फुलडुंगरी में अत्यधिक ट्रैफिक के कारण प्रतिदिन दुर्घटनाएँ हो रही हैं, निविदा हो चुकी है पर काम शुरू नहीं हुआ।
बहरागोड़ा पीडब्ल्यूडी चौक पर ओवरब्रिज/अंडरपास न होने से कई लोगों की जान जा चुकी है।
खांदमौदा (NH-6) में भी घनी आबादी और स्कूल होने से अंडरपास/फुट ओवरब्रिज की मांग तत्काल पूरी होनी चाहिए।
गडकरी ने दी सहमति, अधिकारियों को तत्काल रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद महतो द्वारा प्रस्तुत सभी प्रस्तावों पर सहमति जताई और संबंधित अधिकारियों को प्रोजेक्ट रिपोर्ट शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए।
उन्होंने विशेष रूप से—
खांदमौदा में फुट ओवरब्रिज
कालियाडिंगा चौक व फुलडूंगरी कार्य को गति देने के निर्देश दिए।
साथ ही बामडोल में सुवर्णरेखा पर पुल निर्माण के लिए राज्य सरकार से प्राक्कलन भेजने को आवश्यक बताया।
सांसद महतो की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि आने वाले समय में जमशेदपुर लोकसभा क्षेत्र में सड़क नेटवर्क का व्यापक विस्तार होगा और लंबे समय से लंबित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को गति मिलेगी।









