SummerCamp2025 : गर्मी की छुट्टियों में बच्चों के लिए शिक्षा की अलख जगा रहा है ‘प्रथम एजुकेशन समर कैंप’, विधायक समीर महंती ने किया उद्घाटन

SHARE:

Jamshedpur : बच्चों की शैक्षणिक गतिविधियों को जारी रखने और उनकी बुनियादी क्षमताओं को निखारने के उद्देश्य से प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा झारखंड के ग्रामीण क्षेत्रों में समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को चाकुलिया प्रखंड के रेंगड़पाहाड़ी विद्यालय परिसर में आयोजित समर कैंप का उद्घाटन बहरागोड़ा विधायक समीर महंती ने फीता काटकर विधिवत रूप से किया।



इस अवसर पर विधायक श्री महंती ने कहा कि, “जब गर्मी की छुट्टियों में अधिकांश लोग विश्राम कर रहे होते हैं, तब प्रथम एजुकेशन जैसी संस्था बच्चों के साथ मिलकर शिक्षा की नींव को मजबूत करने का कार्य कर रही है, यह अत्यंत सराहनीय है।” उन्होंने उम्मीद जताई कि समर कैंप बच्चों की सीखने की क्षमता को न केवल बनाए रखेगा, बल्कि उसे और सशक्त भी करेगा।



समारोह में विधायक को गांव के बच्चों ने स्वयं बनाए गए गुलदस्ते भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय ने कहा कि, “मेरे अपने गांव से समर कैंप की शुरुआत होना गर्व की बात है। यह एक सकारात्मक सोच है, जिससे बच्चों को निश्चित रूप से लाभ होगा।”



इस समर कैंप में प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन की ओर से संतोष कुमार, राकेश सिंह एवं ज्योति कुमारी ने हिस्सा लिया। संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि ASER सर्वे में यह सामने आया है कि झारखंड के कक्षा 5वीं और 6वीं के छात्र अभी भी कक्षा 2 और 3 की हिंदी पाठ्यपुस्तकों को सहजता से नहीं पढ़ पाते हैं। यही कारण है कि राज्य सरकार के शिक्षा विभाग की पहल पर इस कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार की गई है।



समर कैंप के उद्घाटन कार्यक्रम में वोलंटियर शिक्षक बैद्यनाथ माहाली, ग्राम प्रधान हरेन माहाली, प्रखंड प्रमुख धनंजय करुणामय, मिथुन कर, प्रवीर माहाली, असित कुमार करुणामय, और अनेक ग्रामीणों व अभिभावकों की उपस्थिति उल्लेखनीय रही। सभी ने इस पहल की सराहना की और बच्चों की शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।

Leave a Comment