Jamshedpur:शहर की अग्रणी सामाजिक-सांस्कृतिक संस्था मिथिला सांस्कृतिक परिषद द्वारा 14 और 15 मार्च को गोपाल मैदान बिष्टुपुर में भव्य द्वि-दिवसीय मिथिला सांस्कृतिक महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में जमशेदपुर सहित पूरे कोल्हान क्षेत्र से हजारों मैथिल परिवारों के शामिल होने की संभावना है।
परिषद के अध्यक्ष मोहन ठाकुर ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य मिथिला की समृद्ध परंपरा, संस्कृति, लोक-गायन, भाषा और साहित्य का संरक्षण और संवर्धन करना है, ताकि नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत को समझ सके और आगे बढ़ा सके।
कार्यक्रम स्थल पर मिथिला के प्रसिद्ध कवियों और लेखकों की पुस्तकों का स्टॉल लगाया जाएगा। इसमें विद्यापति, हरिमोहन झा, गोविंद दास, ज्योतिश्वर ठाकुर, चंदा झा सहित कई साहित्यकारों की रचनाएं उपलब्ध होंगी, ताकि लोग मैथिली साहित्य से जुड़ सकें और उसका प्रचार-प्रसार हो सके।
महोत्सव में मिथिलानी समूह द्वारा ‘आनंद मेला’ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें मिथिला के पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। खासतौर पर माछ-भात समेत कई पारंपरिक पकवानों की व्यवस्था रहेगी।
इसके अलावा मिथिला की पहचान मानी जाने वाली मिथिला पेंटिंग, हस्तशिल्प वस्तुएं, पाग, शॉल, साड़ी, धोती, गमछा और सिक से बनी वस्तुओं के स्टॉल भी लगाए जाएंगे।
दोनों दिन आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में भगवती वंदना और भाव-नृत्य की विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। इसके साथ ही मिथिलांचल के प्रसिद्ध कलाकार कुंज बिहारी मिश्र, विकास झा, जुली झा और चर्चित उद्घोषक रामसेवक ठाकुर कार्यक्रम को विशेष आकर्षण प्रदान करेंगे।
वहीं शहर के कलाकार पंकज झा, मिथिलेश मिश्रा, दिव्य रत्न, किरण झा और शंकर नाथ झा भी दोनों दिन अपनी प्रस्तुति देंगे।
समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करने वाले लगभग 20 मैथिली भाषा-भाषियों को “मिथिला गौरव सम्मान” और “मिथिला प्रतिभा सम्मान” से सम्मानित किया जाएगा।
विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति
पहले दिन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विद्युत वरण महतो, सरयू राय सहित कई जनप्रतिनिधि और समाजसेवी शामिल होंगे।
निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था
परिषद द्वारा जमशेदपुर के दूरस्थ इलाकों से आने वाले मैथिल परिवारों की सुविधा के लिए गोविंदपुर, जेम्को, मोहरदा, बारीडीह बस्ती, बागबेड़ा, आदित्यपुर और गम्हरिया से कार्यक्रम स्थल तक आने-जाने के लिए निशुल्क बस सेवा की व्यवस्था की गई है।
कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है, जिनमें पंडाल निर्माण, मंच व्यवस्था, कलाकार प्रबंधन, प्रचार-प्रसार, आनंद मेला, भोजन, पार्किंग और बिजली-पानी व्यवस्था समितियां शामिल हैं। परिषद के कार्यकारिणी सदस्यों द्वारा इस भव्य आयोजन की तैयारी पिछले दो महीनों से की जा रही है।
12 मार्च को गोपाल मैदान से एक प्रचार रथ भी रवाना किया गया, जो शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर कार्यक्रम के प्रति लोगों को आमंत्रित कर रहा है।
संवाददाता सम्मेलन में प्रेस प्रभारी राजेश झा सिदगोड़ा, राजेंद्र कुमार कर्ण, प्रमोद कुमार झा, पंडित विपिन झा और सोमनाथ मिश्रा ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।








