Jamshedpur: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के अंतर्गत डिमना के मिज़ांडीह गांव स्थित अलकतरा फैक्ट्री (एसटीपी लिमिटेड) में गुरुवार देर रात एक भीषण विस्फोट के बाद आग लग गई, जिससे इलाके में जहरीली गैस फैल गई और एक किलोमीटर तक काला धुआं छा गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टंकी फटने की तेज आवाज ने आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मचा दी। गैस और धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में तकलीफ, बच्चों को दम घुटने जैसी समस्याएं आने लगीं, जिससे कई परिवार गांव छोड़कर बाहर निकलने पर मजबूर हो गए।

इस दौरान डिमना चेकपोस्ट से पटमदा-बोड़ाम जाने वाली सड़क पर भी धुआं फैल गया और लोग कुछ समय तक सड़क किनारे रुके रहे। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

आग बुझने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री गेट पर पहुंचे और टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि यह फैक्ट्री इको-सेंसिटिव ज़ोन में अवैध रूप से संचालित की जा रही है और सांसद, विधायक, मंत्री व प्रशासन सभी को इसकी जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई नहीं की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यह फैक्ट्री क्षेत्र के लोगों की जान को खतरे में डाल रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और कंपनी प्रबंधन से कागज़ात की जांच की। फैक्ट्री संचालक ने कहा कि यह इकाई कोर्ट के आदेश पर दोबारा चालू की गई थी। फिलहाल डीएसपी ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वैध दस्तावेज दिखाने के बाद ही फैक्ट्री चालू हो सकेगी। घटना के बाद जिला प्रशासन ने फैक्ट्री को सील कर दिया है। पुलिस द्वारा आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है।









