गोल्डन ऑवर में घायल को अस्पताल पहुंचाने पर विधायक जगत मांझी ने किया सम्मानित

SHARE:

Chaibasa : पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर प्रखंड में सड़क दुर्घटना के दौरान मानवता और संवेदनशीलता की मिसाल पेश करने वाले दो युवकों को सार्वजनिक रूप से सम्मानित किया गया। गोल्डन ऑवर में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने में अहम भूमिका निभाने वाले गोवर्धन ठाकुर और जोलजस कुजूर को माननीय विधायक जगत मांझी द्वारा गमछा ओढ़ाकर, प्रशस्ति पत्र एवं ₹2000 का चेक प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विधायक जगत मांझी ने कहा कि सड़क दुर्घटना के समय तत्काल सहायता पहुंचाना सबसे बड़ा पुण्य कार्य है। उन्होंने आम जनता से अपील की कि कहीं भी दुर्घटना हो, तो बिना किसी भय के घायल व्यक्ति को नजदीकी अस्पताल पहुंचाएं और इस नेक कार्य में सहभागी बनें। समाज को ऐसे लोगों से प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी जयदीप लकड़ा ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सड़क दुर्घटना के बाद घायल को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति पर किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई नहीं की जाएगी। उन्होंने जानकारी दी कि सरकार की योजना के तहत ऐसे मददगार नागरिकों को सम्मानित भी किया जाता है, ताकि लोगों में जागरूकता और साहस बढ़े।

प्रखंड विकास पदाधिकारी शक्ति कुंज ने इस सराहनीय कार्य के लिए गोवर्धन ठाकुर और जोलजस कुजूर का आभार जताया और कहा कि समाज में ऐसे कार्यों का प्रचार-प्रसार होना चाहिए, जिससे अधिक से अधिक लोग मानवता के इस कार्य के लिए आगे आएं।

सम्मान समारोह के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, यशवंत कटिहार, शेखर गुरसान्डी, संदीप दत्त, अमित कुमार ठाकुर, सुन रेशमा कुजूर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम ने समाज को यह संदेश दिया कि समय पर की गई मदद किसी की जिंदगी बचा सकती है।

Leave a Comment