मनोहरपुर रेल परिसर के पास खड़ी स्कूल वैन में तोड़फोड़, इलाके में दहशत

SHARE:

Manoharpur:मनोहरपुर रेल परिसर के समीप खड़ी एक स्कूल वैन में देर रात अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा की गई तोड़फोड़ की घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। वाहन संख्या JH 05 DK 7591 वाली यह स्कूल वैन चिड़िया डीएवी पब्लिक स्कूल के बच्चों के परिवहन में उपयोग की जाती है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात के अंधेरे का फायदा उठाते हुए अज्ञात लोगों ने वैन के पीछे का शीशा तोड़ दिया तथा अंदर रखे इलेक्ट्रिक पार्ट्स, तार समेत अन्य जरूरी सामानों को क्षतिग्रस्त कर दिया। सुबह जब चालक बच्चों को स्कूल ले जाने के लिए वैन के पास पहुंचा, तब घटना की जानकारी सामने आई।

अचानक हुई इस वारदात के कारण स्कूली बच्चों को चिड़िया स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। अभिभावकों में भी इस घटना को लेकर रोष और चिंता देखी गई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि रेल परिसर के आसपास असामाजिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और लोग स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

फिलहाल स्कूल वैन के मालिक द्वारा स्थानीय थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि, पुलिस प्रशासन की ओर से मामले पर नजर बनाए रखने की बात कही जा रही है।

Leave a Comment