Manoharpur :प्रज्ञा केंद्रों में मनमानी वसूली और अनियमितताओं पर लगाम कसने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। गुरुवार को प्रखंड सभागार में आयोजित बैठक में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) शक्तिकुंज ने प्रज्ञा केंद्र संचालकों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बीडीओ ने निर्देश दिया कि सभी प्रज्ञा केंद्रों पर उपलब्ध सेवाओं और उनके निर्धारित शुल्क की सूची बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करना अनिवार्य होगा, ताकि आम जनता को पारदर्शी जानकारी मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी केंद्र में अनियमितता पाई जाती है, तो जांच कर उसका लाइसेंस निरस्त कर दिया जाएगा।
बैठक के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रज्ञा केंद्रों में जन्म प्रमाण पत्र और आधार कार्ड बनाने का कार्य नहीं किया जाएगा। हाल ही में सोशल मीडिया पर आधार कार्ड के नाम पर अवैध वसूली की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए बीडीओ ने संचालकों को सख्त हिदायत दी कि वे लोगों को सही जानकारी दें और किसी भी प्रकार की गलत वसूली या भ्रम फैलाने से बचें।
इस अवसर पर प्रदीप कुमार (अंचलाधिकारी), सन्नी शेखर (प्रखंड कल्याण पदाधिकारी), अजय कुमार (श्रम पदाधिकारी), श्रीकांत लुगुन सहित कई प्रज्ञा केंद्र संचालक उपस्थित रहे।
प्रशासन की इस सख्ती के बाद क्षेत्र के प्रज्ञा केंद्र संचालकों में हलचल देखी जा रही है और उम्मीद की जा रही है कि इससे आम जनता को राहत मिलेगी।









