Manoharpur:ग्रामीण इलाकों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अंधविश्वास को जड़ से खत्म करने के उद्देश्य से बुधवार को मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में स्वास्थ्य मेला आयोजित किया गया। मेले में सिंहभूम की सांसद जोबा माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने फीता काटकर और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर सांसद जोबा माझी ने अनुभवजन्य और भावनात्मक अंदाज में ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि “स्वस्थ शरीर ही मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है। मनोहरपुर जैसे जंगल और पहाड़ों से घिरे क्षेत्रों में आज भी अंधविश्वास के कारण लोग समय पर इलाज नहीं करा पाते, जो कई बार जानलेवा साबित होता है।” उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बीमार पड़ने पर झाड़-फूंक और टोने-टोटकों में समय गंवाने के बजाय तुरंत नजदीकी चिकित्सक से संपर्क करें।
ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को ध्यान में रखते हुए सांसद ने छोटानागरा क्षेत्र के लिए एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि एम्बुलेंस के संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित होती है, तो इसे शीघ्र उपलब्ध कराया जाएगा।
स्वास्थ्य मेले के दौरान सांसद ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्वास्थ्य स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध सेवाओं की जानकारी ली। इससे पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार ने सांसद को शॉल ओढ़ाकर और पौधा भेंट कर सम्मानित किया।
मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच विभागीय टीम द्वारा की गई। आवश्यकतानुसार उन्हें चिकित्सकीय परामर्श के साथ नि:शुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं। कार्यक्रम का संचालन यशवंत कटियार ने किया।
इस अवसर पर अंचल अधिकारी प्रदीप कुमार, जिला परिषद सदस्य जय प्रकाश महतो, उप प्रमुख दीपक एक्का, बंधना उरांव, मानुएल बेक, सीताराम गोप, मोहम्मद उमर, अजहर अली, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।









