Manoharpur: पूरे मनोहरपुर क्षेत्र में सोमवार की शाम दीपों की जगमगाहट और भक्ति के स्वर से वातावरण आलोकित हो उठा। दीपावली और काली पूजा का पर्व यहां श्रद्धा, उमंग और सामूहिक उत्साह के साथ मनाया गया।
जैसे ही संध्या ढली, घर-आंगन, गलियां और बाजार दीपों की रोशनी से चमक उठे। मनोहरपुर रेलवे काली पूजा पंडाल, संत नरसिंह आश्रम नवदुर्गा काली मंदिर और पुराना मनोहरपुर काली मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मां काली के जयकारों से पूरा इलाका भक्तिमय बना रहा।
सुबह से ही व्रती महिलाएं पारंपरिक परिधान में पूजा की तैयारी में जुटीं। कलश यात्रा और जलाभिषेक के बाद साष्टांग दंडवत करते हुए श्रद्धालु मंदिर पहुंचे और भक्ति भाव से मां काली की आराधना की। पूजा के पश्चात भक्तों ने भोग-प्रसाद ग्रहण कर व्रत तोड़ा।
रातभर मंदिरों में पूजा-अर्चना, भक्ति गीत और भजन संध्या का आयोजन चलता रहा। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी भोग का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया।
मनोहरपुर मुख्य बाजार, इंदिरा नगर, लाइनपार सहित आसपास के गांवों में गणेश, लक्ष्मी और काली पूजा पूरे धार्मिक उत्साह के साथ संपन्न हुई। दीपों की रौशनी, पटाखों की गूंज और भक्तिभाव से ओतप्रोत माहौल ने मनोहरपुर को सचमुच “प्रकाश और भक्ति की नगरी” बना दिया।









