मनोहरपुर: हजरत दाता शाह बाबा के सालाना उर्स को लेकर तैयारी तेज, 21 जनवरी को भव्य आयोजन

SHARE:

Manoharpur:रहमतुल्ला हजरत दाता शाह बाबा के सालाना उर्स समारोह को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है। आगामी 21 जनवरी 2026 (बुधवार) को आयोजित होने वाले इस पावन उर्स के सफल एवं भव्य आयोजन को लेकर सोमवार को दाता शाह बाबा मजार परिसर में ग्रामीणों और गणमान्य लोगों की एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। बैठक की अध्यक्षता मो. मदीना ख़ान ने की।
बैठक में सर्वप्रथम पिछले वर्ष के उर्स समारोह के आय–व्यय का विस्तृत लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया, जिसे सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। इसके पश्चात इस वर्ष भी उर्स को पूरी अकीदत, भाईचारे और धूमधाम के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। आयोजन को सुव्यवस्थित और सफल बनाने के लिए सुरक्षा, साफ-सफाई, मेहमानों की व्यवस्था, लंगर, कार्यक्रम संचालन सहित विभिन्न पहलुओं पर गहन चर्चा की गई।
बैठक में उर्स संचालन समिति के गठन का भी निर्णय लिया गया। सर्वसम्मति से जिला परिषद उपाध्यक्ष रंजित यादव को मुख्य संरक्षक तथा अजहर अली को संचालन समिति का अध्यक्ष चुना गया। वहीं कय्युम खान को उपाध्यक्ष, फिरोज खान को सचिव, अकबर हवारी को उप सचिव, राजा अंसारी को कोषाध्यक्ष तथा आरजू अंसारी और सरफराज खान को उप कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा मो. आरिफ, फिरोज खान, मंटू अंसारी, सद्दाम खान और रफीक अंसारी को संरक्षक मंडल में शामिल किया गया।
इस अवसर पर मुस्तर अली, सौरभ साह, राजू राउत, गाजी खान, हसन खान, अब्बास अंसारी सहित दर्जनों ग्रामीण और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने उर्स समारोह को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और ऐतिहासिक बनाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
बैठक के समापन पर अध्यक्ष ने कहा कि हजरत दाता शाह बाबा का उर्स सिर्फ एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे और सामाजिक एकता का प्रतीक है, जिसे पूरे क्षेत्र के सहयोग से सफल बनाया जाएगा।

Leave a Comment