मानगो नगर निगम चुनाव: झामुमो समर्थित मेयर प्रत्याशी लक्की सिंह ने जारी किया घोषणा पत्र

SHARE:

Jamshedpur:मानगो नगर निगम के मेयर पद के लिए झामुमो समर्थित प्रत्याशी श्रीमती लक्की सिंह ने चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जोरदार जनसंपर्क अभियान चलाते हुए अपना घोषणा पत्र जारी किया। उन्होंने स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित मानगो के निर्माण का संकल्प दोहराते हुए नागरिकों से व्यापक समर्थन की अपील की।

लक्की सिंह ने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से नगर निगम को एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे 8 नंबर बटन दबाकर चुनाव चिन्ह “ईंट” पर अधिक से अधिक मतदान करें और उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।
स्वच्छता और स्वास्थ्य पर विशेष जोर

घोषणा पत्र में सभी वार्डों से नियमित कचरा उठाव, नालियों की समय-समय पर सफाई, मच्छरों व संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए नियमित फॉगिंग तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने का वादा किया गया है।

सड़क, नाली और रोशनी प्राथमिकता
प्रत्याशी ने क्षेत्र की जर्जर सड़कों की मरम्मत, नई सड़कों का निर्माण, हर गली में पक्की नाली और स्ट्रीट लाइट की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा कि बुनियादी सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण ही मानगो के सर्वांगीण विकास की आधारशिला होगा।
महिला सुरक्षा और जनकल्याण योजनाएं

घोषणा पत्र में महिलाओं की सुरक्षा पर विशेष ध्यान देने, बुजुर्गों को पेंशन एवं सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने, विधवा एवं जरूरतमंद महिलाओं को योजनाओं से जोड़ने तथा बेरोजगार युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने का संकल्प शामिल है। राशन, पेंशन और आवास जैसी योजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने का भी भरोसा दिया गया है।

पदयात्रा में शामिल जिला परिषद अध्यक्ष बड़ी मुर्मू ने कहा कि लक्की सिंह बिना भेदभाव और बिना भ्रष्टाचार के कार्य करेंगी तथा हर समस्या में नागरिकों के साथ खड़ी रहेंगी। उन्होंने भी मतदाताओं से 8 नंबर और “ईंट” चुनाव चिन्ह पर मतदान कर भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की।
चुनाव प्रचार के समापन के साथ ही मानगो नगर निगम क्षेत्र में मतदान को लेकर उत्साहपूर्ण माहौल देखा जा रहा है।

Leave a Comment