मताधिकार का प्रयोग कर विकासशील नेतृत्व चुनें, अफवाहों से रहें सावधान: सुधा गुप्ता

SHARE:

Jamshedpur : मानगो नगर निगम मेयर पद की प्रत्याशी Sudha Gupta ने मतदान से एक दिन पूर्व क्षेत्र की जनता के नाम भावनात्मक अपील जारी की है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल एक पद का चयन नहीं, बल्कि मानगो के सुरक्षित, स्वच्छ, शिक्षित और समृद्ध भविष्य का निर्णय है।

सुधा गुप्ता ने कहा कि पिछले कई दिनों से वे क्षेत्र के हर गली-मोहल्ले में आशीर्वाद लेने पहुंचीं। हर समाज और वर्ग से मिले स्नेह, विश्वास और समर्थन के लिए उन्होंने जनता का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।

अपने संदेश में उन्होंने वादा किया कि वे स्वच्छ और व्यवस्थित मानगो के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं। महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण, युवाओं के लिए रोजगार के अवसर, बेहतर स्वास्थ्य और शिक्षा व्यवस्था तथा पारदर्शी और जवाबदेह नगर निगम उनकी प्राथमिकताओं में शामिल हैं।

सुधा गुप्ता ने मानगो नगर निगम क्षेत्र के मतदाताओं से अपील की कि वे अपने मताधिकार का अवश्य प्रयोग करें और परिवार, पड़ोस एवं समाज को भी मतदान के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा कि क्रमांक संख्या 11 के सामने “कारपेट” चुनाव चिन्ह पर मुहर लगाकर एक मजबूत, संवेदनशील और विकासशील नेतृत्व का चयन करें।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह चुनाव नफरत या आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि विकास और विश्वास का है। एक-एक वोट मानगो की दिशा और दशा बदल सकता है। साथ ही उन्होंने आशंका जताई कि कुछ लोग अंतिम समय में सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और शांति व सामाजिक जिम्मेदारी के साथ मतदान करें।

Leave a Comment