Jamshedpur:मानगो क्षेत्र के लाखों लोगों को स्वच्छ और निर्बाध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में मानगो पेयजल परियोजना के इंटकवेल में व्यापक सुधार की योजना बनाई गई है। इसी क्रम में मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मानगो पेयजल परियोजना के इंटकवेल का स्थल निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मानगो नगर निगम के उप नगर आयुक्त सहित विभागीय अभियंता भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान यह गंभीर तथ्य सामने आया कि जिस स्थान से नदी का पानी खींचा जाता है, उसके आसपास भारी गंदगी और अव्यवस्था है। विधायक सरयू राय ने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए इंटकवेल क्षेत्र की घेराबंदी कराने और परियोजना के आसपास नदी तटबंध को मजबूत करने पर जोर दिया। ताकि भविष्य में जल स्रोत की गुणवत्ता प्रभावित न हो।
विधायक ने बताया कि मानगो पेयजल परियोजना की क्षमता बढ़ाने के उद्देश्य से पुरानी 5 एमएलडी क्षमता वाली पेयजल परियोजना की मरम्मत कर उसे पुनः चालू करने की संभावना पर भी चर्चा हुई है। इसके साथ ही क्षेत्र में स्थापित सभी जल मीनारों (पानी टंकियों) के लिए अलग-अलग मोटर लगाने का प्रस्ताव रखा गया है। वर्तमान में केवल दो मोटर से कार्य हो रहा है, जबकि तीन नए मोटर खरीदने पर सहमति बनी है। इसके लिए मानगो नगर निगम शीघ्र ही निविदा प्रकाशित करेगा।
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि इंटकवेल में भारी मात्रा में बालू जमा हो चुकी है, जिससे जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। इसे पूरी तरह हटाने का निर्णय लिया गया है। वहीं नदी से पानी लाने के लिए बनाए गए ढांचे को और चौड़ा करने पर भी सहमति बनी है, ताकि जल प्रवाह सुचारू रूप से हो सके।
विधायक सरयू राय ने परियोजना का संचालन कर रहे ठेकेदारों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कई नई जिम्मेदारियां सौंपीं और कहा कि मानगो के हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।









