विधायक मंगल कालिंदी ने परसुडीह मखदमपुर फाटक पर ओवर ब्रिज निर्माण की मांग सदन में उठाई

SHARE:

Jamshedpur : षष्ठम् झारखंड विधानसभा के द्वितीय (बजट) सत्र के शून्यकाल में जुगशालाई विधायक मंगल कालिंदी ने परसुडीह मखदमपुर फाटक की गंभीर समस्या को सदन के पटल पर मजबूती से रखा। उन्होंने कहा कि परसुडीह मखदमपुर फाटक रेलवे परिचालन के कारण लंबे समय तक बंद रहता है, जिसके चलते क्षेत्र में घंटों जाम की स्थिति बनी रहती है।

विधायक ने बताया कि इस क्षेत्र की आबादी करीब दो लाख है और फाटक बंद रहने पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं, जिससे आम जनता, स्कूली बच्चों, मरीजों और दिहाड़ी मजदूरों को भारी परेशानी उठानी पड़ती है।

मंगल कालिंदी ने आसन के माध्यम से मांग की कि लोकहित और जनहित को ध्यान में रखते हुए इस स्थान पर अविलंब रेलवे ओवर ब्रिज (ROB) का निर्माण कराया जाए, ताकि जाम की समस्या से स्थायी राहत मिल सके।

उन्होंने कहा, “परसुडीह मखदमपुर फाटक पर ओवर ब्रिज का निर्माण अत्यंत आवश्यक है। यहां लगने वाला जाम न केवल गंभीर समस्या है, बल्कि परसुडीह के संपूर्ण बुनियादी ढांचे और सुचारु परिवहन व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डालता है। सरकार इस दिशा में शीघ्र ठोस कदम उठाए।”

सदन में उठाए गए इस मुद्दे को स्थानीय लोगों ने राहत की उम्मीद के रूप में देखा है, क्योंकि यह फाटक लंबे समय से क्षेत्रवासियों की प्रमुख समस्या बना हुआ है।

Leave a Comment