Jamshedpur : सरकार आपके द्वार शिविरों के दौरान हजारों महिलाओं की ओर से जमा किए गए मैया सम्मान योजना के आवेदनों की स्थिति जानने के उद्देश्य से पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता एवं किशोर सिंह ने सामाजिक सुरक्षा कोषांग की सहायक निदेशक नेहा संजना खलखो से मुलाकात कर विस्तृत चर्चा की।
वार्ता के दौरान दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि शिविरों में बड़ी संख्या में महिलाएँ मैया योजना का आवेदन जमा कर चुकी हैं, लेकिन उनकी प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध नहीं हो पा रही है। उन्होंने सहायक निदेशक से निम्न प्रमुख बिंदुओं पर जानकारी मांगी—
मैया सम्मान योजना के लंबित आवेदनों की स्थिति और प्रगति रिपोर्ट
लंबे समय से बंद पड़े पोर्टल को पुनः खोलने की आवश्यकता
शिविर में उपस्थित न हो सकी महिलाओं के नए आवेदन स्वीकार करने की व्यवस्था
आवेदन जमा होने के बाद प्राप्ति रसीद उपलब्ध कराने की प्रक्रिया
इस पर सहायक निदेशक नेहा संजना खलखो ने बताया कि फिलहाल मैया सम्मान योजना का पोर्टल बंद है, इसलिए न तो आवेदनों की स्थिति उपलब्ध कराई जा सकती है और न ही नई प्रगति रिपोर्ट जारी हो सकती है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जो महिलाएँ शिविर में आवेदन जमा नहीं कर सकीं, वे अपने सभी आवश्यक दस्तावेज प्रखंड विकास कार्यालय (BDO कार्यालय) में जमा कर सकती हैं, जहाँ से उन्हें प्राप्ति रसीद भी उपलब्ध करा दी जाएगी।









