मईया सम्मान योजना में अव्यवस्था के खिलाफ महिलाओं का जनआक्रोश, 25 किमी पदयात्रा कर सौंपा ज्ञापन

SHARE:

Chaibasa:झिंकपानी प्रखंड के चोया पंचायत से निकली सैकड़ों महिलाओं की आवाज़ सोमवार को 25 किलोमीटर लंबी पदयात्रा के बाद सदर विधायक सह मंत्री दीपक बिरुवा के कार्यालय तक पहुंची। पंचायत की मुखिया जयंती बिरूली के नेतृत्व में महिलाओं ने मईया सम्मान योजना में व्याप्त अव्यवस्थाओं के खिलाफ ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा दर्ज कराई।

पदयात्रा में शामिल महिलाओं ने बताया कि योजना का उद्देश्य जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाना था, लेकिन जमीनी हकीकत इससे उलट है। कई पात्र महिलाएं महीनों से लाभ से वंचित हैं, वहीं कुछ परिवारों में एक ही घर से 5–7 लोगों को एक साथ राशि मिलने की शिकायतें सामने आई हैं। इस असमान वितरण ने ग्रामीण इलाकों में असंतोष को जन्म दिया है।

मुखिया जयंती बिरूली ने कहा कि लंबे समय से आवेदन, जांच और भुगतान को लेकर असमंजस बना हुआ है। बार-बार गुहार लगाने के बावजूद समाधान नहीं होने पर प्रभावित महिलाओं ने सामूहिक रूप से मंत्री को व्यक्तिगत आवेदन सौंपने का निर्णय लिया, ताकि हर पात्र लाभार्थी की स्थिति अलग-अलग दर्ज हो सके।

हालांकि, निर्धारित समय पर मंत्री दीपक बिरुवा कार्यालय में उपस्थित नहीं थे। उनकी अनुपस्थिति में सदर अंचल अधिकारी उपेंद्र कुमार और मंत्री के निजी सचिव ने ज्ञापन प्राप्त किया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

ग्रामीण महिलाओं ने स्पष्ट मांग रखी कि योजना में पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए, लाभार्थियों की सूची का सत्यापन हो और सभी पात्र महिलाओं को समय पर राशि मिले। महिलाओं का कहना था कि अगर जल्द सुधार नहीं हुआ, तो वे आगे भी संगठित होकर आंदोलन को मजबूर होंगी।
यह पदयात्रा सिर्फ एक ज्ञापन नहीं, बल्कि ग्रामीण महिलाओं की उस उम्मीद का प्रतीक थी, जो कल्याणकारी योजनाओं से न्याय और सम्मान चाहती हैं।

Leave a Comment