बंगाल क्लब में जादूगर सिकन्दर के शो का धमाकेदार आगाज़, हैरतअंगेज़ कारनामों से दर्शक मंत्रमुग्ध

SHARE:

जमशेदपुर, 8 अगस्त। शहर के प्रतिष्ठित बंगाल क्लब के विशाल हॉल में शुक्रवार शाम विश्वविख्यात जादूगर सिकन्दर ने अपने बहुप्रतीक्षित जादुई शो का भव्य शुभारंभ किया। शो की शुरुआत से ही हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। नयापन, शानदार प्रस्तुति शैली और तकनीकी नाटकीयता के साथ पेश किए गए हैरतअंगेज़ कारनामों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया।

तीसरी बार जमशेदपुर आए जादूगर सिकन्दर ने अदृश्य होने का करतब, हवा में उड़ती मानव आकृति, बरमूडा इफेक्ट, डायनासोर और जादू परियों जैसे रोमांचक जादू पेश किए। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, सभी को उन्होंने अपने विशेष जादू से चकित कर दिया। शो की शुरुआत विश्वशांति और मित्रता के संदेश के साथ हुई, जिसमें उन्होंने राष्ट्र प्रेम पर आधारित जादू के जरिए तिरंगा लहराया। यह क्षण पूरे माहौल को भावनात्मक और प्रेरणादायक बना गया।

कार्यक्रम के दौरान शहर के कई स्थानीय जादूगरों और रांची से आए कलाकारों ने मंच पर आकर जादूगर सिकन्दर को पुष्प भेंट कर सम्मानित किया। इसे भारतीय जादू परंपरा के सम्मान और गौरव का पल बताया गया। मुख्य अतिथि ने कहा, “जादूगर सिकन्दर का शो सिर्फ मनोरंजन नहीं, बल्कि समाज के लिए प्रेरणा और सकारात्मक संदेश भी है।”

शो का संचालन अत्यंत कुशलता से हुआ और हर चरण में दर्शकों की सक्रिय भागीदारी रही। आयोजकों ने बताया कि आने वाले दिनों में भी यह जादू यात्रा शहर के दर्शकों को मंत्रमुग्ध करती रहेगी।

Leave a Comment