सरायकेला। जिले में आज पत्रकारिता के क्षेत्र में एक नया अध्याय जुड़ गया। “सौभाग्य राष्ट्र” नामक नए अख़बार का भव्य शुभारंभ श्रीनाथ विश्वविद्यालय के सभागार में किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि उपायुक्त श्री नितीश कुमार सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्वलन और फीता काटकर अख़बार का औपचारिक उद्घाटन किया।
कार्यक्रम में रहे गणमान्य लोग
इस शुभारंभ कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गणमान्य लोग, शिक्षाविद, समाजसेवी और पत्रकार शामिल हुए। इनमें प्रमुख रूप से सुखदेव महतो (कुलाधिपति श्रीनाथ यूनिवर्सिटी), अविनाश कुमार (जनसंपर्क विभाग, सरायकेला), दुर्गेश नंदिनी (सीडीपीओ आदित्यपुर), डॉ. जे.एन. दास (अध्यक्ष, विश्व हिंदू परिषद), जे. राजेश (डीन, श्रीनाथ यूनिवर्सिटी), समाजसेविका पूरबी घोष, गगन रस्तोगी (शीश महल), निशांत कुमार (बिष्टुपुर डाक विभाग), संध्या प्रधान (राष्ट्रपति सम्मानित शिक्षिका), जागृति दास (असिस्टेंट सेक्रेटरी, तूइलाडूंगरी ओड़िआ स्कूल), नन्दन उपाध्याय (जनसंपर्क विभाग), दिग्विजय जी (संस्कार उदय), सोहन कुमार (पत्रकार) सहित कई प्रतिष्ठित लोग मौजूद रहे।
पत्रकारिता की भूमिका पर जोर
उद्घाटन के मौके पर वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जिसका मूल उद्देश्य जनता की समस्याओं को सामने लाना और उनकी आवाज़ बनना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नया अख़बार सौभाग्य राष्ट्र निष्पक्ष पत्रकारिता के साथ समाज को नई दिशा देगा और आम लोगों की आवाज़ बुलंद करेगा।
टीम और संपादकीय मंडल की भूमिका
कार्यक्रम के दौरान मुख्य संरक्षक मनमोहन सिंह राजपूत ने आश्वासन दिया कि अख़बार की प्राथमिकता आम जनता की जमीनी समस्याओं, किसानों-मजदूरों की मुश्किलों और युवाओं की आकांक्षाओं को सामने लाना होगा। साथ ही समाज में सकारात्मक सोच और रचनात्मकता को बढ़ावा दिया जाएगा।
अख़बार के मुख्य संपादिका डॉ. शालिनी प्रसाद और उप संपादिका शिवांगी सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इसके साथ ही डॉ. नवीन प्रधान (उप संपादक), संवाददाता सुशील सारंगी, माधव चन्द्र साहू और देवाशीष नायक का भी विशेष योगदान रहा।
जनता के लिए नई उम्मीद
उद्घाटन समारोह में उपस्थित लोगों ने भरोसा जताया कि यह नया अख़बार क्षेत्र की जनता के लिए एक सशक्त मंच बनेगा और जनसमस्याओं को निष्पक्ष रूप से सामने लाने में मददगार साबित होगा।









