Jamshedpur : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के घाघीडीह मौजा में जमीन विवाद को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। खाता संख्या 14 में अपने हिस्से से अधिक जमीन पहले ही बेच चुके जितेन सरदार पर अब अपने वंशजों की जमीन हड़पने की नीयत से जानलेवा हमला करने का आरोप लगा है। यह मामला थाने तक पहुंचने के बाद अब न्यायालय में विचाराधीन है और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
इस संबंध में बेड़ाढीपा निवासी आजाद सरदार ने अपने चचेरे भाई जितेन सरदार, चाचा धीरेन सरदार, चाचा छुटु सरदार एवं भतीजा गुलाम सरदार को नामजद आरोपी बनाया है। पीड़ित आजाद सरदार का आरोप है कि घटना के दिन वह अपनी जमीन पर खड़ा था, तभी आरोपी सरिया लेकर पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान आजाद की दादी के साथ भी मारपीट की गई तथा उनका गला दबाने का प्रयास किया गया। आरोपियों ने जमीन पर दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
आजाद सरदार ने बताया कि उसके दादा का नाम छुटु भुमिज था, जिनके दो भाई रूंडा भुमिज और डुगरा भुमिज थे। तीनों भाइयों के नाम पर घाघीडीह मौजा में संयुक्त रूप से जमीन दर्ज है। डुगरा भुमिज की कोई संतान नहीं थी। संबंधित जमीन खाता संख्या 14 के अंतर्गत प्लॉट संख्या 3716, 3718, 3621, 3767, 3791, 3783, 4461 एवं 3793 में स्थित है। सभी बुजुर्गों ने अपने जीवनकाल में ही आपसी सहमति से जमीन का बंटवारा कर लिया था और अपने-अपने हिस्से पर कब्जा भी ले लिया था।
आजाद का कहना है कि रूंडा भुमिज की मृत्यु के बाद उनके उत्तराधिकारियों ने अपने हिस्से की जमीन बेच दी। प्लॉट संख्या 3716 और 3721 पर आजाद सरदार और उसके छोटे भाई का कब्जा है। आरोप है कि जितेन सरदार, धीरेन सरदार, छुटु सरदार और गुलाम सरदार अब इसी जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते हैं।
पीड़ित के अनुसार, कुल 5.20 एकड़ जमीन में से जितेन सरदार अपने हिस्से की 2.40 एकड़ जमीन छोड़कर शेष जमीन पहले ही बेच चुका है। बची हुई जमीन आजाद सरदार के हिस्से में आती है। आजाद ने केवल 11 डिसमील जमीन ही बेची है। मामले में यह भी सामने आया है कि आरोपी धीरेन सरदार हत्या के एक मामले में सजायाफ्ता रह चुका है।
घटना के बाद आजाद सरदार और उसकी दादी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। दोनों अपने घर में रहने के बजाय मजबूरीवश दूसरी जगह किराए के मकान में शरण लिए हुए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कोर्ट के निर्देशानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।









