सरायकेला (झारखंड) – कपाली थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल प्रखंड के केरबेडी गांव में एक जमीन विवाद ने गंभीर रूप ले लिया है। स्थानीय निवासी सुबोध कुमार ने आरोप लगाया है कि उनके पड़ोसी भोलानाथ महतो, उनकी पत्नी तिलोत्तमा महतो और बाबूलाल उर्फ अफजल हयात ने उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी है। साथ ही, पीड़ित की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है।

सुबोध कुमार का कहना है कि उनके पिता स्व. जवाहरलाल कुम्हार के नाम से 0.43 डिसमिल जमीन विगत 50 वर्षों से उनके परिवार के कब्जे में है, जिस पर उन्होंने घर भी बना रखा है। लेकिन भोलानाथ महतो ने इस जमीन पर फर्जी दस्तावेज तैयार कर अपने नाम से दाखिल-खारिज करवा लिया है।

पीड़ित ने आरोप लगाया कि यह मामला पूर्व में एसडीओ न्यायालय से लेकर जिला न्यायालय तक जा चुका है, जहाँ से उनके पक्ष में फैसला हुआ है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष लगातार धमकियां दे रहा है और जमीन पर कब्जे की कोशिशें जारी हैं।

22 जुलाई 2024 को न्यायालय के आदेश के बाद जब पीड़ित अपने घर लौटे, तब विपक्षी पक्ष ने उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। इस पूरे प्रकरण को लेकर पीड़ित ने चांडिल थाना में लिखित आवेदन देकर सुरक्षा की मांग की है।










