Jamshedpur : जमशेदपुर थाना अंतर्गत घाघीडीह अंचल निवासी रमेश्वर भूमिज ने अंचलाधिकारी जमशेदपुर पर गंभीर अनियमितता का आरोप लगाते हुए जिला उपायुक्त पूर्वी सिंहभूम को लिखित शिकायत सौंपी है। शिकायत में रमेश्वर भूमिज ने बताया कि उन्होंने अपनी भूमि के सीमांकन हेतु अंचल कार्यालय, जमशेदपुर में आवेदन दिया था, जिसके आधार पर 14 मई 2025 को सीमांकन की तिथि निर्धारित की गई थी।

शिकायतकर्ता के अनुसार, निर्धारित तिथि पर वे सुबह से लेकर अपराह्न 3 बजे तक सीमांकन स्थल पर प्रतीक्षा करते रहे, पर अंचलाधिकारी या उनके किसी भी कर्मचारी ने स्थल पर उपस्थिति नहीं दी। बाद में सूत्रों से यह जानकारी मिली कि अंचलाधिकारी ने दूसरे पक्ष से कथित रूप से मोटी रकम लेकर सीमांकन प्रक्रिया को रद्द कर दिया।

शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री तक
रमेश्वर भूमिज ने इस मामले की शिकायत 16 मई 2025 को जिला उपायुक्त को सौंपते हुए अंचलाधिकारी के विरुद्ध जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने मांग की है कि सीमांकन की नई तिथि निर्धारित कर शीघ्र कार्यवाही शुरू कराई जाए। शिकायत की प्रतिलिपि मुख्यमंत्री झारखंड, मुख्य सचिव, और कोल्हान आयुक्त चाईबासा को भी भेजी गई है।
जमीन का विवरण:
मौजा: घाघीडीह
अंचल: जमशेदपुर
थाना: बागबेड़ा
जिला: पूर्वी सिंहभूम
खाता संख्या: 2
प्लॉट संख्याएं एवं रकवा:
4928 (12 डी०)
4929 (14 डी०)
4930 (58 डी०)
4931 (10 डी०)
4523, 4524, 4525 (1.24 डी०, 52 डी०, 06 डी०)

आवास निर्माण पर रोक की मांग
भूमिज ने शिकायत में यह भी अनुरोध किया है कि जब तक सीमांकन प्रक्रिया पूरी नहीं होती, तब तक उक्त भूमि पर चल रहे आवास निर्माण कार्य को रोकने की कृपा की जाए।

राजनीतिक समर्थन की मांग
इस मामले को लेकर रमेश्वर भूमिज ने जनता दल यूनाइटेड के जिला महासचिव एवं वीर युवा सेना के केंद्रीय अध्यक्ष वीरसिंह देवगम से भी न्याय दिलाने की अपील की है। वीरसिंह देवगम ने आश्वासन दिया है कि वह इस प्रकरण को विधायक सरयू राय तक पहुंचाएंगे ताकि उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।









