मनोहरपुर थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर दुर्घटना, मजदूर की मौत; चालक फरार

SHARE:

Chaibasa : मनोहरपुर थाना क्षेत्र के बाचामगुटू गांव में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक ट्रैक्टर दुर्घटना में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान विजय बहंदा के रूप में हुई है, जो छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारंगपोंगा गांव का निवासी बताया जा रहा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार बाचामगुटू गांव में एक व्यक्ति के घर के समीप पहले से रखे बालू को ट्रैक्टर के माध्यम से एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाया जा रहा था। इसी दौरान गांव के एक संकीर्ण मोड़ के पास ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया और सड़क से लगभग पांच फीट नीचे गड्ढे में जा गिरा। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार विजय बहंदा वाहन के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय ट्रैक्टर पर सवार एक अन्य मजदूर नागिया बहंदा तथा चालक किसी तरह कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। हालांकि हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर शुक्रवार सुबह मनोहरपुर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Leave a Comment