विजयश्री ऑटोकम लिमिटेड पर श्रम कानून उल्लंघन का आरोप, श्रम अधीक्षक ने जारी किया नोटिस

SHARE:

Jamshedpur : गम्हरिया स्थित Vijayshree Autocom Limited के पूर्व श्रमिक मानिक प्रमाणिक एवं राजकुमार सिंह ने कंपनी प्रबंधन पर उत्पीड़न, बकाया वेतन भुगतान नहीं करने तथा श्रम कानूनों के उल्लंघन का गंभीर आरोप लगाया है। मामले को लेकर श्रम विभाग ने भी संज्ञान लिया है।

श्रम अधीक्षक Avinash Thakur ने कंपनी प्रबंधन को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। सूत्रों के अनुसार कंपनी की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया। इसके बाद श्रम अधीक्षक ने कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि यदि निर्धारित समयावधि में श्रमिकों का बकाया भुगतान नहीं किया गया, तो कंपनी के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

श्रमिकों के गंभीर आरोप

पूर्व श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी न्यूनतम मजदूरी अधिनियम का पालन नहीं कर रही है। साथ ही भविष्य निधि (पीएफ) और ईएसआई में भी अनियमितता बरती जा रही है। उनका कहना है कि श्रम अधिनियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है और कर्मचारियों के अधिकारों को दरकिनार किया जा रहा है।

श्रमिकों ने दावा किया कि बार-बार मांग के बावजूद बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।

उपायुक्त से मिलेंगे श्रमिक

मामले को लेकर श्रमिकों ने जिला उपायुक्त Nitish Kumar Singh से मिलकर न्याय की गुहार लगाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासनिक स्तर पर भी समाधान नहीं हुआ, तो वे अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई पर विचार करेंगे।

गौरतलब है कि विजयश्री ऑटोकम लिमिटेड के खिलाफ श्रमिकों की यह शिकायत एक गंभीर श्रम विवाद का रूप लेती दिख रही है। श्रम विभाग की चेतावनी और श्रमिकों की सक्रियता से यह मामला आने वाले दिनों में और तूल पकड़ सकता है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि कंपनी प्रबंधन श्रम विभाग के निर्देशों का पालन करता है या नहीं।

Leave a Comment