श्रम अधीक्षक की पहल से घायल मजदूर को मिला मुआवजा, कंपनी ने उठाया इलाज का जिम्मा

SHARE:

Saraikela : सरायकेला-खरसावां जिले के श्रम अधीक्षक अविनाश कुमार ठाकुर के सक्रिय हस्तक्षेप से आर डी रिक्लेम कंपनी में दुर्घटनाग्रस्त हुए मजदूर को आर्थिक सहायता प्रदान की गई है। कंपनी प्रबंधन ने मजदूर को ढाई लाख रुपये का चेक सौंपा है। इसके अलावा कंपनी ने मजदूर को नौकरी की सुरक्षा देने तथा उसके पूर्ण रूप से स्वस्थ होने तक इलाज का पूरा खर्च वहन करने पर भी सहमति जताई है। इसके अतिरिक्त 25,000 रुपये की तत्काल सहायता राशि भी पीड़ित मजदूर को दी गई है।

कंपनी को उत्पादन पुनः शुरू करने की अनुमति का अनुरोध
कंपनी प्रबंधन ने अनुमंडल पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को सूचित करते हुए 14 जून से उत्पादन कार्य पुनः आरंभ करने का आग्रह किया है।

क्या था मामला?
कुछ दिन पूर्व आर डी रिक्लेम कंपनी में काम करते समय एक मजदूर का हाथ मशीन में फंस जाने के कारण कट गया था। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन के रवैये को लेकर कर्मचारियों में भारी नाराजगी देखी गई। मजदूरों ने आरोप लगाया था कि कंपनी उन्हें बकाया वेतन, पीएफ, ईएसआई और फाइनल सेटलमेंट जैसी बुनियादी सुविधाओं से वंचित कर रही है। साथ ही प्रबंधन के अमानवीय व्यवहार के विरोध में श्रमिकों द्वारा धरना-प्रदर्शन भी किया गया था।

इस पूरे प्रकरण में श्रम अधीक्षक अविनाश कुमार ठाकुर ने सक्रियता दिखाते हुए कामगारों और प्रबंधन के बीच समन्वय स्थापित किया और औद्योगिक शांति बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कंपनी खुलने के बाद मजदूरों के शोषण के मामलों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment