Jamshedpur : अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महामंत्री समरेश सिंह के नेतृत्व में क्षत्रिय समाज का एक प्रतिनिधिमंडल आज बिष्टुपुर साइबर थाना पहुंचा और थाना प्रभारी से मिलकर आजसू पार्टी के आईटी सेल के लॉबीन चंद्र महतो के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करवाई। आरोप है कि महतो ने क्षत्रिय समाज एवं सनातन धर्म के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अभद्र टिप्पणियां की हैं।

शिकायत दर्ज कराने के बाद उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए श्री समरेश सिंह ने कहा कि क्षत्रिय समाज सदैव सनातन धर्म का रक्षक रहा है और समाज में समरसता बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभाई है। ऐसे में एक राजनीतिक दल के जिम्मेदार पदाधिकारी द्वारा इस प्रकार की ओछी और अपमानजनक टिप्पणी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि यह न केवल क्षत्रिय समाज बल्कि पूरे सनातन धर्म का अपमान है।

श्री सिंह ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि ऐसे विष फैलाने वाले व्यक्तियों पर अविलंब कड़ी कार्रवाई की जाए, अन्यथा समाज स्वयं कार्रवाई के लिए बाध्य होगा।

इस अवसर पर कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे जिनमें अधिवक्ता रवि प्रकाश सिंह, क्षत्रिय महासभा के पूर्वी सिंहभूम जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राजपूत, सरायकेला जिलाध्यक्ष रवि शंकर सिंह, जमशेदपुर नगर अध्यक्ष श्रीकांत सिंह सहित बलदेव सिंह, राजेश सिंह, रौनक सिसोदिया, सुखदेव सिंह, रमेश राजू, ललित सिंह, मोनू सिंह, इंद्रदेव सिंह, संतोष सिंह, मंटू सिंह, शुभम सिंह और मिथलेश सिंह शामिल थे।









