Ranchi:कोल्हान यूनिवर्सिटी की पुरुष फुटबॉल टीम ने ईस्ट जोन इंटर-यूनिवर्सिटी फुटबॉल टूर्नामेंट में अपने शानदार और अनुशासित खेल से सभी का ध्यान खींचा। टीम ने महाराज श्री चंद्र भांजा यूनिवर्सिटी को एकतरफा मुकाबले में 8–0 गोल के भारी अंतर से पराजित कर प्री-सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली।
मैच की शुरुआत से ही कोल्हान यूनिवर्सिटी ने आक्रामक तेवर दिखाए। बेहतरीन बॉल कंट्रोल, तेज रफ्तार और सटीक पासिंग के दम पर टीम ने विपक्षी खिलाड़ियों को संभलने का कोई मौका नहीं दिया। पूरे मैच के दौरान कोल्हान यूनिवर्सिटी का दबदबा बना रहा और विरोधी टीम एक भी गोल दर्ज करने में असफल रही।
फॉरवर्ड दुर्गा हेम्ब्रोम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हैट्रिक लगाई और मैच की स्टार खिलाड़ी रहीं। महेंद्र बारी ने दो गोल दागे, वहीं सोनम तामसोय, जदुनाथ मुर्मू और सूरज हेम्ब्रोम ने एक-एक गोल कर जीत को और भी यादगार बना दिया।
इस निर्णायक जीत के साथ कोल्हान यूनिवर्सिटी की टीम अब प्री-सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है, जहां कल उसका मुकाबला रेवेनशॉ यूनिवर्सिटी, कटक से होगा। टीम का आत्मविश्वास इस जीत के बाद चरम पर है।
टीम की इस सफलता के पीछे टीम मैनेजर डॉ. पी.के. चंचल, कोच विकास मुंडा और सहायक कोच जयपाल सिकराल की रणनीति, निरंतर मार्गदर्शन और खिलाड़ियों को मिली प्रेरणा अहम रही।
कोल्हान विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. डॉ. अंजिला गुप्ता ने खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए टीम को बधाई दी। वहीं विश्वविद्यालय के प्रवक्ता सह एलबीएसएम कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार झा ने भी टीम को शुभकामनाएं देते हुए आगामी मुकाबले में सफलता की कामना की।
इसके अलावा रजिस्ट्रार डॉ. आर.के. कर्ण, डीएसडब्ल्यू डॉ. संजय यादव, प्रॉक्टर डॉ. राजेंद्र भारती, खेल निदेशक डॉ. एम. एन. सिंह और पीटीआई अंबरीशर दास का निरंतर सहयोग और समन्वय भी टीम के शानदार प्रदर्शन में सहायक रहा।









