Guwa:किरीबुरु क्षेत्र में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा आयोजित निःशुल्क चिकित्सा शिविर स्थानीय लोगों के लिए बड़ी राहत लेकर आया। 7 जनवरी, बुधवार को 26वीं वाहिनी सीआरपीएफ के कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के दिशा-निर्देशन में डी/26वीं वाहिनी द्वारा न्यू कैम्प एरिया, किरीबुरु में सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत इस शिविर का सफल आयोजन किया गया।
शिविर में मारंगटोली, मुर्गापाड़ा, बकलहाटिंग एवं किरीबुरु क्षेत्र के सैकड़ों ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। लोगों ने प्राथमिक स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और निःशुल्क दवाओं का लाभ उठाया। चिकित्सा टीम का नेतृत्व 26वीं वाहिनी के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ शेखर ने किया, जिनकी देखरेख में मरीजों की जांच की गई और आवश्यक परामर्श दिया गया।
इस शिविर का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा। सीआरपीएफ की इस पहल से उन लोगों को विशेष लाभ मिला, जिन्हें सामान्य परिस्थितियों में बेहतर चिकित्सा सुविधा आसानी से उपलब्ध नहीं हो पाती।
कार्यक्रम के दौरान कमाण्डेन्ट राजीव रंजन के साथ एड्ज्युटेन्ट/सहायक कमाण्डेन्ट अरविंद कुमार रजक, समवाय अधिकारी सहायक कमाण्डेन्ट महेश्वर कुमार चौरसिया, निरीक्षक सिद्धनाथ पांडे, थाना प्रभारी किरीबुरु उपनिरीक्षक रोहित कुमार मौजूद रहे। वहीं स्थानीय जनप्रतिनिधियों में किरीबुरु पंचायत की मुखिया पार्वती किडो और उपमुखिया सुमन मुंडो की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी सशक्त बनाया।
स्थानीय लोगों ने सीआरपीएफ द्वारा किए गए इस जनकल्याणकारी प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे शिविर न सिर्फ स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि सुरक्षा बलों और आम जनता के बीच विश्वास और सहयोग को भी मजबूत करते हैं।









