मानगो फ्लाईओवर और गोलचक्कर का नाम शहीद खुदीराम बोस के नाम पर रखने की मांग
जमशेदपुर। स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानी और क्रांतिकारी वीर शहीद खुदीराम बोस के 117वें बलिदान दिवस के अवसर पर रविवार को सामाजिक संस्था बंग बंधु के तत्वावधान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मानगो स्थित बंग बंधु कार्यालय में आयोजित हुआ, जहाँ उपस्थित लोगों ने शहीद की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को नमन किया।फ्लाईओवर निर्माण कार्य के कारण मानगो गोलचक्कर पर स्थापित शहीद खुदीराम बोस की मूर्ति को अस्थायी रूप से बंग बंधु कार्यालय में रखा गया है। निर्माण कार्य के दौरान मूर्ति को सुरक्षित रखने का यह निर्णय निर्माण एजेंसी के आग्रह पर लिया गया था।
फ्लाईओवर और चौक का नामकरण करने की अपील
श्रद्धांजलि सभा में संस्था और समुदाय के प्रतिनिधियों ने राज्य सरकार से मांग की कि मानगो में निर्माणाधीन फ्लाईओवर का नाम “वीर शहीद खुदीराम बोस फ्लाईओवर” रखा जाए। साथ ही झारखंड गठन से पहले मानगो गोलचक्कर पर स्थापित मूर्ति को पुनः वहीं स्थापित कर गोलचक्कर का नाम “शहीद खुदीराम बोस चौक” करने की अपील की गई।
रक्तदान शिविर का आयोजन
कार्यक्रम के दौरान घोषणा की गई कि बंग बंधु, प्रतीक संघर्ष फाउंडेशन, बंगला भाषा भाषी समाज एवं समुदाय के संयुक्त तत्वावधान में 24 अगस्त 2025, रविवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक “द मिलनी, बिष्टुपुर हॉल” में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा।
गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति
बलिदान दिवस कार्यक्रम में झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के महावीर मुर्मू, नंदू सरकार, बंग बंधु के संरक्षक इंद्रजीत घोष, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विकास सिंह, बंगीय उत्सव के कार्यकारी अध्यक्ष शुभंकर चटर्जी, कांग्रेस नेता आनंद बिहारी दुबे, महासचिव उत्तम गुहा, उपाध्यक्ष बिनोद दे, सहायक सचिव प्रणब सरकार एवं अशोक दत्ता, कोषाध्यक्ष सुभाष सिंह रॉय, पथिक सेन, अनंत कुंडू, नेपाल सेन, गणेश दे, गोराई समाज के करण गोराई और स्वर्ण बनिक समाज के दीपक दत्ता सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।सभा में वक्ताओं ने कहा कि वीर शहीद खुदीराम बोस का बलिदान भारत की स्वतंत्रता की लड़ाई में अमिट प्रेरणा स्रोत है और उनके नाम पर सार्वजनिक स्थलों का नामकरण अगली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम की प्रेरणा देगा।









