मेधाहातुबुरु के करमपदा में ग्राम विकास मंच की बैठक, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर जोर

SHARE:

Chaibasa : मेधाहातुबुरु उत्तरी पंचायत के करमपदा गांव में ग्राम विकास मंच की बैठक का आयोजन मुखिया लीपी मुंडा की अध्यक्षता में किया गया। बैठक में क्षेत्रीय मुण्डा फ्रान्सिस, ग्रामीण मुण्डा राजेश, डीलर देवधारी कुमार, उपमुखिया सामसाद आलम, पुजा कुमारी, लक्ष्मी कुमारी, वार्ड सदस्य सावित्री कांडा, सुकेर मुनी चरवा, सहिया लाली देवी, सेविका शंकरी सिद्ध, सक्रिय महिला सुकान्ती महतो, सचिव तीलीतमा नायक, अमरीता देवी सहित कई ग्रामीण मौजूद रहे।

बैठक में गांव के समग्र विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें स्वच्छ पर्यावरण, सम्पूर्ण शिक्षा, जागरूक समाज निर्माण, आजीविका संसाधनों का विस्तार, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता की स्थिति सुधार तथा पंचायत एवं सामुदायिक संगठन की मजबूती जैसे विषय प्रमुख रहे।

मुखिया लीपी मुंडा ने कहा कि किरीबुरु क्षेत्र अंतर्गत कई गांव विकास कार्यों के अभाव में पिछड़ेपन का सामना कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बुनियादी सुविधाओं की कमी से ग्रामीणों के जीवन स्तर में सुधार संभव नहीं है। करमपदा समेत आसपास के गांवों में सड़क और दूरसंचार जैसी मूलभूत समस्याएँ लंबे समय से जटिल बनी हुई हैं। इनके समाधान के लिए सरकार एवं संबंधित विभागों को त्वरित कदम उठाने की आवश्यकता है।

उन्होंने शिक्षा व्यवस्था की दयनीय स्थिति पर भी चिंता जताई। मुखिया ने कहा कि कई सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी, संसाधनों का अभाव तथा अव्यवस्थित शिक्षण कार्य के कारण बच्चे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित हो रहे हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है। शिक्षा को सुदृढ़ किए बिना ग्रामीण क्षेत्र के विकास की कल्पना अधूरी है।

बैठक में सहमति बनी कि ग्राम विकास की दिशा में सामूहिक प्रयासों को गति दी जाएगी और सभी समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुँचाकर समाधान की मांग तेज की जाएगी।

Leave a Comment