जमशेदपुर : चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत गौसनगर में एक बार फिर चोरी की वारदात सामने आई है। मंगलवार तड़के करीब 4 बजे अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाया और हजारों रुपये के कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना के समय घर के सभी सदस्य शादी समारोह में शामिल होने के लिए राउरकेला (ओडिशा) गए हुए थे।
पीड़िता साबरा खातून ने बताया कि चोरी उनके समधी मोहम्मद नसीम अंसारी के घर में हुई है। परिवार के लोग 3 नवंबर की रात बारात में शामिल होने गए थे, इसी बीच चोरों ने मौका पाकर दो कमरों के ताले तोड़ दिए और घर में प्रवेश कर लिया।
चोरों ने घर से तीन सोने की फुल्ली, तीन-चार गुल्लक, एक मोबाइल, एक टैब समेत अन्य कीमती सामान चोरी कर लिए। चोरी गए सामानों की अनुमानित कीमत 40 से 50 हजार रुपये बताई जा रही है।
चोरी के दौरान घर के आंगन में रह रहे दो किरायेदारों को चोरों ने बाहर से ताला लगाकर बंद कर दिया, ताकि कोई बाहर न निकल सके। सुबह जब किरायेदारों की नींद खुली तो उन्होंने दरवाज़ा खोलने की कोशिश की, लेकिन बाहर से बंद देखकर घबरा गए। उन्होंने तुरंत मोहम्मद नसीम अंसारी के भाई अफरोज को सूचना दी, जिन्होंने कपाली ओपी पुलिस को मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके।
स्थानीय लोगों ने बताया कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में दहशत और असुरक्षा की भावना है। उन्होंने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही चोरों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।









