Adityapur : थाना क्षेत्र के बुरुडीह जंगल में एक 17 वर्षीय नाबालिग युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतका की पहचान नेहा नायक, पिता निरुध नायक, निवासी शिवपुर गांव के रूप में की गई है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार सुबह नेहा नायक शौच के लिए घर से निकली थी, लेकिन देर तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की, तभी जंगल के भीतर हाई टेंशन तार के नीचे उसका पत्थर से कुचला हुआ शव बरामद हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना प्रभारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पुलिस जांच शुरू कर दी।
इस दर्दनाक घटना से परिजनों में कोहराम मच गया है, जबकि ग्रामीणों में गहरा आक्रोश देखा जा रहा है।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की हत्या की दिशा में जांच की जा रही है।









