जुगसलाई पुलिस ने फ्लैट चोरी कांड का किया खुलासा, जेवर खरीदार सोनार समेत तीन गिरफ्तार

SHARE:

Jamshedpur : जुगसलाई थाना क्षेत्र अंतर्गत बैकुंठ अपार्टमेंट स्थित मैडोना कॉम्पलेक्स में हुई फ्लैट चोरी की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर लिया है। मंगलवार को इस मामले में पुलिस ने चोरी गए जेवरात खरीदने वाले सोनार सहित कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी का सामान भी बरामद किया है।

मामले की जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि मैडोना कॉम्पलेक्स निवासी प्रवीण गोयल के फ्लैट का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। घटना की जांच के क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी कर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।



गिरफ्तार आरोपियों में कदमा थाना क्षेत्र के उलियान सरस्वती पथ निवासी शिवा महानंद (31 वर्ष), उलियान उपहार अपार्टमेंट निवासी विजय प्रसाद (36 वर्ष) और सोनारी नया लाइन बी-ब्लॉक निवासी सोनार राहुल वर्मा (28 वर्ष) शामिल हैं।

पुलिस जांच में यह सामने आया कि शिवा महानंद और विजय प्रसाद ने मिलकर फ्लैट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था, जबकि राहुल वर्मा ने चोरी के जेवरात खरीदे थे। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने राहुल वर्मा की ज्वेलरी दुकान में छापेमारी कर चोरी गए जेवरात बरामद किए, जिसके बाद उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक बाइक, एक मोबाइल फोन, गले का सोने का हार, एक कलाई घड़ी, चांदी के 13 सिक्के, एक मांगटीका तथा सोने के झुमकों का एक जोड़ा बरामद किया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

Leave a Comment