जुगसलाई में अपराध की साजिश नाकाम, मनीष सिंह गैंग के दो सदस्य हथियार समेत गिरफ्तार

SHARE:

Jamshedpur :जुगसलाई पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर मनीष सिंह गिरोह के दो सदस्यों को हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में उसका चचेरा भाई रोशन सिंह और गैंग का सदस्य दीपक सिंह शामिल हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, दोनों की गिरफ्तारी पहले पकड़े गए आरोपी जीशान से पूछताछ के बाद की गई। हाल ही में जीशान को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। उससे मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर रोशन और दीपक को दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और जिंदा गोलियां भी बरामद की गईं।
मनीष सिंह पर दर्ज हैं कई मामले

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, मनीष सिंह को फरवरी 2025 में उसके छह साथियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। बताया जाता है कि वह अपनी प्रेमिका के साथ कार से कोलकाता से जमशेदपुर लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे पकड़ा था। इसके बाद पुलिस ने रणनीतिक तरीके से उसके अन्य साथियों को भी बुलाकर हथियार समेत गिरफ्तार किया था।

मार्च 2025 में फायरिंग के एक मामले में उसने जुगसलाई थाने में सरेंडर भी किया था। शहर के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, वह कुख्यात भानु माझी गिरोह से भी जुड़ा रहा है और शूटर के रूप में काम करता था।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस का कहना है कि अपराध पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

Leave a Comment