Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह ने गुरुवार को चौक बाजार स्थित अरिहंत कॉम्पलेक्स में अपने चुनावी कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन समारोह राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया, जहां समर्थकों की भारी भीड़ ने नारेबाजी के बीच जीत का दावा किया।
कार्यालय का उद्घाटन भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, पोटका की पूर्व विधायक मेनका सरदार तथा प्रत्याशी रिंकू सिंह ने संयुक्त रूप से फीता काटकर और नारियल फोड़कर किया। उद्घाटन के दौरान “रिंकू सिंह जिंदाबाद” के नारों से चौक बाजार क्षेत्र गूंज उठा।
समारोह को संबोधित करते हुए डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी ने कहा कि जुगसलाई नगर परिषद अध्यक्ष पद पर रिंकू सिंह की जीत लगभग तय है। उन्होंने दावा किया कि प्रत्याशी का संकल्प पत्र स्थानीय समस्याओं और विकास योजनाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निकायों को फंड सीधे केंद्र सरकार से प्राप्त हो रहा है, ऐसे में भाजपा-एनडीए समर्थित उम्मीदवार की जीत क्षेत्र के विकास के लिए जरूरी है।
वहीं विधायक पूर्णिमा साहू ने रिंकू सिंह के जनसंपर्क अभियान की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह वे घर-घर जाकर समर्थन मांग रही हैं, उससे उनकी जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता स्पष्ट झलकती है। उन्होंने महिलाओं से विशेष रूप से अपील की कि वे स्वयं को रिंकू सिंह समझकर क्रम संख्या 08, चुनाव चिह्न “ईंटें” छाप पर मुहर लगाने के लिए मतदाताओं को प्रेरित करें। उन्होंने “ईंटें” को मजबूती और विकास का प्रतीक बताया
उद्घाटन समारोह में भाजपा प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद, विधायक जीतू चरण राम, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, गुंजन यादव, पूर्व चेयरमैन मुरलीधर केडिया, महेंद्र जैन, मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र जैन, समाजसेवी बड़ेलाल दूबे, जिला महामंत्री अनिल मोदी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में समर्थकों ने रिंकू सिंह को भारी बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प दोहराया।
उधर, प्रत्याशी रिंकू सिंह ने भी क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का दौरा कर जनसमस्याएं सुनीं और समर्थन मांगा। स्थानीय लोगों ने उन्हें समर्थन देने और चुनाव चिह्न “ईंटें” पर मुहर लगाने का भरोसा दिलाया। जुगसलाई नगर परिषद चुनाव अब पूरे शबाब पर है और राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं।








