जुगसलाई में रिंकू सिंह की हुंकार: “नई ईंटों से रचेंगे विकास का मजबूत आधार”

SHARE:

Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह ने शुक्रवार को सघन जनसंपर्क अभियान चलाकर चुनावी माहौल को तेज कर दिया। एमई स्कूल रोड, मच्छी गोदाम बस्ती, महतो पाड़ा रोड और बी गैलेक्सी अपार्टमेंट समेत आसपास के क्षेत्रों में उन्होंने घर-घर जाकर लोगों से संवाद किया और समर्थन मांगा।

जनसंपर्क के दौरान रिंकू सिंह ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जुगसलाई उनके लिए मात्र चुनावी क्षेत्र नहीं, बल्कि परिवार है। उन्होंने कहा, “मैं यहां वादों की राजनीति करने नहीं, बल्कि अपने घर के विकास का वचन लेकर आई हूं।” स्थानीय नागरिकों की समस्याओं को सुनते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि उनकी प्राथमिकता जमीनी स्तर पर बदलाव लाना है।

अपने चुनाव चिह्न “ईंटें” को विकास के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत करते हुए रिंकू सिंह ने कहा कि जैसे एक-एक ईंट से मजबूत इमारत बनती है, वैसे ही ठोस नीतियों और दृढ़ इच्छाशक्ति से जुगसलाई का उज्ज्वल भविष्य गढ़ा जाएगा। उन्होंने मतदाताओं से क्रम संख्या 08 पर “ईंटें” छाप पर मुहर लगाकर सेवा का अवसर देने की अपील की।

रिंकू सिंह ने अपनी प्राथमिकताओं को रेखांकित करते हुए कहा कि पूरे जुगसलाई क्षेत्र में टाटा स्टील यूटिलिटीज (पूर्व में जुस्को) से नियमित पानी और बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना पहली प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल और निर्बाध बिजली हर नागरिक का अधिकार है।

इसके अलावा महिला कॉलेज की स्थापना, बच्चों के लिए पार्क, जाम की समस्या से निजात, समुचित पार्किंग व्यवस्था और मूलभूत नागरिक सुविधाओं के विस्तार को भी उन्होंने अपने एजेंडे में शामिल बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास ही उनका लक्ष्य है।

जनसंपर्क अभियान के दौरान महिला-पुरुष कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने रिंकू सिंह के समर्थन में जोरदार नारे लगाए। कई स्थानों पर उनका स्वागत पुष्पमालाओं से किया गया और लोगों ने उनके प्रति विश्वास व्यक्त किया।

चुनावी सरगर्मी के बीच रिंकू सिंह का यह जनसंपर्क अभियान जुगसलाई की गलियों में विकास की नई बहस छेड़ता नजर आया।

Leave a Comment

और पढ़ें