Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद चुनाव ने अब पूरी तरह से राजनीतिक तापमान पकड़ लिया है। अध्यक्ष पद की उम्मीदवार रिंकू सिंह के समर्थन में सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री Arjun Munda और जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक Saryu Roy ने संयुक्त रूप से पदयात्रा कर जनसंपर्क अभियान को धार दी।
नया बाजार से शुरू हुई पदयात्रा गौशाला चौक, गौशाला नाला रोड, कचहरी मुहल्ला और छपरहिया मुहल्ला से गुजरती हुई आगे बढ़ी। रास्ते भर समर्थकों का उत्साह देखने लायक था। “रिंकू सिंह जिंदाबाद” और “अर्जुन मुंडा जिंदाबाद” के नारों से पूरा इलाका गूंजता रहा। चौक बाजार स्थित मुख्य कार्यालय से रामटेकरी रोड होते हुए ऋषि भवन तक दूसरी पदयात्रा में भी भारी भीड़ उमड़ी।
सभा को संबोधित करते हुए अर्जुन मुंडा ने इस निकाय चुनाव को अहम बताते हुए राष्ट्रवाद को प्राथमिकता देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “जुगसलाई नगर परिषद का यह चुनाव सिर्फ स्थानीय निकाय का चुनाव नहीं है, यह विचारधारा की लड़ाई है। इस चुनाव में भारत को जिताना है।” उनके इस कथन पर उपस्थित भीड़ ने जोरदार तालियों से समर्थन जताया।
वहीं मीडिया से बातचीत में सरयू राय ने कहा कि लंबे अंतराल के बाद हो रहे इस निकाय चुनाव में जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने रिंकू सिंह को सशक्त और योग्य उम्मीदवार बताते हुए कहा कि जुगसलाई और मानगो में राष्ट्रवादी शक्तियां एकजुट हो रही हैं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मतों का विभाजन समुदाय विशेष के आधार पर नहीं होगा, क्योंकि सभी वर्गों में जागरूक और राष्ट्रहित को प्राथमिकता देने वाले लोग मौजूद हैं।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव सिन्हा, पूर्व विधायक मेनका सरदार, पूर्व जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह, जिला महामंत्री अनिल मोदी, महेंद्र जैन, मंडल अध्यक्ष हेमेंद्र जैन समेत भाजपा-एनडीए के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
इससे पूर्व सुबह में रिंकू सिंह ने अपने मुख्य चुनावी कार्यालय से डोर-टू-डोर जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। स्टेशन रोड और आसपास के इलाकों में घर-घर पहुंचकर उन्होंने स्थानीय समस्याओं की जानकारी ली और विकास की अपनी प्राथमिकताएं साझा कीं।
जुगसलाई की गलियों में बढ़ती हलचल और नेताओं की सक्रियता यह संकेत दे रही है कि इस बार का निकाय चुनाव बेहद दिलचस्प और मुकाबलेदार होने जा रहा है। मतदान की तिथि नजदीक आते-आते राजनीतिक समीकरण और भी स्पष्ट होने की संभावना है।








