रिंकू सिंह के समर्थन में अमरप्रीत सिंह की पदयात्रा, सिख मतदाताओं का मिला आशीर्वाद

SHARE:

Jamshedpur:जुगसलाई नगर परिषद चुनाव में अध्यक्ष पद की प्रत्याशी रिंकू सिंह के समर्थन में गुरुवार को राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने जुगसलाई पहुंचकर उनके पक्ष में जोरदार पदयात्रा की। वीर कुंवर सिंह चौक से चौक बाजार तक निकली इस पदयात्रा में स्थानीय लोगों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
पदयात्रा के दौरान बाजार क्षेत्र में कई स्थानों पर रिंकू सिंह और अमरप्रीत सिंह काले का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया। खासकर सिख समुदाय के मतदाताओं की सक्रिय उपस्थिति ने राजनीतिक समीकरणों को नई दिशा देने का संकेत दिया। समर्थकों ने विकास और जनसंपर्क को चुनावी मुद्दा बताते हुए रिंकू सिंह के पक्ष में समर्थन जताया।

इससे पहले सुबह के समय रिंकू सिंह ने टाटा पिग्मेंट गेट के निकट जुगसलाई नगर परिषद पार्क में मॉर्निंग वॉकर्स से मुलाकात की। उन्होंने मतदाताओं से क्रम संख्या 08, चुनाव चिन्ह “ईंटें” पर मुहर लगाकर विजयी बनाने की अपील की। उपस्थित लोगों ने उन्हें भारी मतों से जीत दिलाने का भरोसा दिया।
इसके बाद रिंकू सिंह श्री टाटानगर गौशाला पहुंचीं, जहां उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। गौशाला परिसर में गायों और बछड़ों को चारा खिलाकर आशीर्वाद लिया। साथ ही स्टाफ क्वार्टर में रह रहे परिवारों से मिलकर जनसमर्थन जुटाया। यहां भी लोगों ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए उनके पक्ष में मतदान का आश्वासन दिया।
दोपहर बाद एमई स्कूल रोड स्थित मद्रासी मुहल्ला में घर-घर जनसंपर्क अभियान चलाया गया। इस दौरान “रिंकू सिंह जिंदाबाद” के नारों से माहौल गूंज उठा। महिला-पुरुषों की अच्छी-खासी भागीदारी ने चुनावी मुकाबले को और रोचक बना दिया है।
जुगसलाई में बढ़ती चुनावी गतिविधियों के बीच रिंकू सिंह का यह व्यापक जनसंपर्क अभियान संकेत दे रहा है कि इस बार मुकाबला पूरी तरह जनाधार और स्थानीय मुद्दों पर केंद्रित रहेगा।

Leave a Comment