Jamshedpur : जिला प्रशासन के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद जुगसलाई के व्यापारियों ने इस वर्ष भी पार्क मैदान में ही पटाखा बाजार सजाकर प्रशासन को चुनौती दे दी है। प्रशासन की ओर से पटाखा दुकानों के लिए जुगसलाई स्थित आरपी पटेल स्कूल परिसर को अधिकृत स्थल घोषित किया गया था, लेकिन व्यापारियों ने बिना अनुमति के पार्क मैदान में ही दुकानें लगा लीं।
डीसी ने पूर्व में स्पष्ट कहा था कि जुगसलाई पार्क रेलवे की परिसीमा में आता है, इसलिए वहां दुकान लगाने के लिए रेलवे की एनओसी आवश्यक है। इसके बावजूद व्यापारियों ने एनओसी नहीं लिया और न ही प्रशासन के आदेशों का पालन किया।
जुगसलाई के पार्क मैदान में खुलेआम पटाखा दुकानें लगना अब पूरे जिले में चर्चा का विषय बन गया है। लोग सवाल कर रहे हैं कि क्या जिला प्रशासन अपने ही आदेशों का पालन करवाने में असमर्थ है? व्यापारी आखिर क्यों प्रशासन की अनुमति को अनदेखा कर रहे हैं?
नगर परिषद को कार्रवाई का निर्देश दिया गया था, लेकिन जमीनी स्तर पर कोई प्रभावी कदम नहीं दिख रहा है। शनिवार को पटाखा दुकानें पूरे पार्क मैदान में सज चुकी हैं और उन्हें रोकने वाला कोई नजर नहीं आया।
स्थिति यह दर्शाती है कि व्यापारी जिला प्रशासन पर भारी पड़ रहे हैं और प्रशासन की सख्ती केवल कागजों तक सीमित रह गई है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस मामले में आगे क्या कदम उठाता है और कानून व्यवस्था को कैसे बहाल करता है। स्थानीय लोगों की मांग है कि प्रशासन तत्काल हस्तक्षेप कर नियमों का पालन सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की अव्यवस्था न हो।









